Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिर्री में आयोजित मंडई के दौरान चाऊमीन खाने से 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. अचानक पेट दर्द की शिकायत होने के बाद प्रभावित बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए 45 से अधिक बच्चों को जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया है. इसके अलावा 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रविवार सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर बच्चों व अन्य मरीजों का हालचाल जाना, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई है.

जानकारी के मुताबिक, 21 नवंबर को ग्राम हिर्री की मंडई में चाऊमीन खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों को पेट दर्द समेत फूड पॉइजनिंग के लक्षण महसूस हुए. सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 45 से अधिक बच्चों को जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया, जबकि 12 वयस्क भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती अन्य बीमार बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया और स्वास्थ्य में सुधार के बाद शेष बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

कलेक्टर ने जाना मरीजों का हाल, CMHO बोले सभी खतरे से बाहर

घटना की सूचना मिलने पर 22 नवंबर की सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे और बच्चा वार्ड व अन्य वार्डों में भर्ती बच्चों तथा मरीजों से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों को सभी मरीजों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की हालत सामान्य है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.