बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में यातायात नियमों के पालन को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने यह संदेश दिया है कि कानून के सामने अधिकारी और आम नागरिक सभी बराबर हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान की निजी गाड़ी के चार चालान कटे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी रियायत के खुद जुर्माने की राशि भी जमा करवा दी।

पुलिसकर्मी नहीं, कैमरों ने पकड़ी गलती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी की निजी गाड़ी के ये चार चालान बिलासपुर और हमीरपुर के अलग-अलग स्थानों पर जारी हुए थे।
इनकी कार्रवाई किसी पुलिसकर्मी ने मौके पर नहीं की, बल्कि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम यानी ITMS में लगे कैमरों ने यातायात नियमों का उल्लंघन रिकॉर्ड किया। इसके बाद सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन चालान जारी किए गए।
पद नहीं, नियमों के मुताबिक कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस के मुताबिक, एसपी द्वारा स्वयं जुर्माना भरना इस बात का संदेश है कि कोई भी व्यक्ति अपने पद या प्रभाव के आधार पर यातायात नियमों की कार्रवाई से नहीं बच सकता। सड़क सुरक्षा के नियम हर वाहन चालक पर समान रूप से लागू होते हैं।
कैमरों से रखी जा रही वाहनों पर नजर
जिले में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फोरलेन मार्गों पर विभिन्न स्थानों पर ITMS कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे वाहनों की गति और यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखते हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने या नियम तोड़ने पर सिस्टम संबंधित वाहन की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी कर देता है।



