Featured Image

बुलंदशहर। उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक हैरान कर देने वाला प्रेम प्रसंग सामने आया है। यहां 38 वर्षीय एक शादीशुदा महिला और तीन बच्चों की मां का दिल अपने से 13 साल छोटे अविवाहित युवक पर आ गया। घर से शुरू हुआ यह मामला जब पुलिस थाने पहुंचा, तो महिला और उसके पति के फैसले ने हर किसी को चौंका दिया। मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 38 वर्षीय महिला अपने पति और तीन बच्चों के साथ रह रही थी। इसी गांव में 25 साल का एक अविवाहित युवक भी रहता है, जो मजदूरी का काम करता है। कुछ समय पहले दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां प्यार में बदल गईं। इस बात की भनक लगने पर महिला के पति ने पहले पुलिस से शिकायत की थी कि गांव का युवक उसकी पत्नी को परेशान कर रहा है। इसी बीच एक दिन महिला अचानक घर से लापता हो गई, इसके बाद परेशान पति ने थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

थाने में हुआ हाई-वोल्टेज फैसला
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और उसे बरामद कर थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि, वह किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के पति और प्रेमी युवक को भी थाने बुलाया। थाने में जब पुलिस ने महिला से पूछा कि, वह किसके साथ रहना चाहती है, तो उसने बिना किसी हिचकिचाहट के अपने 25 वर्षीय प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई।

पति ने रखी एक शर्त और दे दी इजाजत
पत्नी का यह फैसला सुनकर पति ने भी बिना किसी हंगामे के अपनी सहमति दे दी। पति ने पुलिस के सामने साफ कहा कि, यदि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, तो उसे कोई आपत्ति नहीं है, बस वह अपने तीनों बच्चों को उसके पास छोड़कर चली जाए। इसके बाद महिला अपने तीनों बच्चों को पति के पास छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई।

थाने पहुंची लापता महिला ने पति को छोड़ा
इस अनोखे मामले पर जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि, पुलिस के पास यह मामला गुमशुदगी के रूप में दर्ज हुआ था। महिला को तलाश कर थाने लाया गया, जहां उसने स्पष्ट किया कि, वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और अब उसी के साथ रहना चाहती है। चूंकि महिला और युवक दोनों बालिग हैं, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई। फिलहाल पति-पत्नी के इस आपसी फैसले की पूरे इलाके में जोरदार चर्चा हो रही है।

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।