सोमवार को दिल्ली के जंतरमंतर पर छात्रों के संसद मार्च के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस घटना के बाद बॉलीवुड के कई सितारों का गुस्सा सोशल मीडिया पर साफ नजर आ रहा है। रितेश देशमुख, वीर दास, विजय वर्मा और सोनाक्षी सिन्हा जैसे सितारों ने छात्रों का समर्थन करते हुए इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
रितेश देशमुख ने कहा, युवा हमारे देश की धड़कन हैं

अभिनेता और निर्देशक रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए लिखा: “हम अपने देश के युवाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनकी आवाज बिना किसी डर के, पूरी स्पष्टता से सुनी जानी चाहिए। वे हमारे लोकतंत्र की धड़कन हैं और देश के भविष्य के असली निर्माता हैं।”उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वे बल प्रयोग करने के बजाय छात्रों से बातचीत का रास्ता अपनाएं और उन्हें सशक्त बनाएं।
वीर दास ने कलाकारों के ‘पाखंड’ पर साधा निशाना
स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्टर वीर दास ने अपने ट्वीट में बिना किसी का नाम लिए कलाकारों के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि अगर आप एक लाइव परफॉर्मर हैं और फिर भी देश के युवाओं के मुद्दों पर चुप रहते हैं, तो बाद में उन्हीं युवाओं को अपने शो के टिकट बेचना पाखंड है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना यह पोस्ट डिलीट कर दिया। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा अब किसी राजनीति या पार्टी का नहीं, बल्कि सीधे तौर पर युवाओं का है।
विजय वर्मा ने ट्रोल को कहा, चुपचाप भी अनफॉलो कर सकते हो
अभिनेता विजय वर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रोटेस्ट की कई तस्वीरें और वीडियो रीपोस्ट किए। एक तस्वीर में पुलिसकर्मी को लाठी उठाए देखा जा सकता है, जिसे शेयर करते हुए उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में अपनी फिल्म Eeb Allay Ooo! ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। का जिक्र किया। इसके साथ ही, उन्होंने उन लोगों को भी करारा जवाब दिया जो उनके इस स्टैंड के कारण उन्हें अनफॉलो करने की धमकी दे रहे थे। विजय ने कूल अंदाज में लिखा, “चुपचाप भी अनफॉलो कर सकते हो.. सब बताना नहीं होता।”
सोनाक्षी सिन्हा ने लिखा, पूरे देश का दिल टूटा है
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी सोमवार को हुए इस घटनाक्रम की दिल दहला देने वाली तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपनी संवेदनाएं और गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, “20 जुलाई को बहुत से लोगों की हड्डियां टूटीं और एक पूरे देश का दिल टूटा। याद रखना।”



