Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की चहलपहल के बीच एक दिल दहला देने वाला डबल मर्डर सामने आया है. भंडरा थाना क्षेत्र के कुम्भाटोली गांव में रविवार देर रात एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी पति ने दोनों को घर के कमरे में आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया. वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भंडरा थाना पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्भाटोली निवासी सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी की पहचान बिहार के पटना जिले निवासी रोहित लहेरी से हुई थी. धीरेधीरे दोनों की दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल गई. रविवार देर रात छठ पर्व के मौके पर रोहित लहेरी अपनी प्रेमिका पूजा देवी से मिलने उसके घर कुम्भाटोली पहुंचा था. पत्नी के कमरे में प्रेमी के मौजूद होने की भनक लगते ही पति सोनू लहेरी अचानक अपने घर पहुंच गया. जैसे ही उसने पत्नी पूजा देवी और रोहित को कमरे के भीतर आपत्तिजनक अवस्था में देखा, वह अपना आपा खो बैठा. आवेश में आकर सोनू ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाई और दोनों पर ताबड़तोड़ प्रहार कर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया.

घटनास्थल सील कर शव पोस्टमार्टम को भेजे गए, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त

कुम्भाटोली बस्ती में हुए इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई. सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है. भंडरा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी गहनता से अनुसंधान जारी है.