देश में मतदाता सूची को लेकर पिछले कुछ महीनों से लगातार चर्चा हो रही है. चुनाव आयोग ने पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के जरिए वोटर लिस्ट की गहन जांच कराई. इस दौरान बड़ी संख्या में ऐसे नाम हटाए गए, जिनमें मृत, दूसरी जगह जा चुके और एक से ज्यादा जगह दर्ज मतदाता शामिल थे.

SIR की प्रक्रिया के बाद कई राज्यों में वोटरों की संख्या में बड़ी गिरावट देखने को मिली. लेकिन अब एक बार फिर मतदाता सूची के आंकड़े चर्चा में हैं. वजह है SIR के बाद शुरू हुआ SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन. इसकी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है.

12 नवंबर को जारी हुआ ड्राफ्ट लिस्ट

सबसे दिलचस्प बात ये है कि जिन राज्यों में SIR के दौरान वोटरों की संख्या घटी थी, वहां अब दोबारा बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गोवा में सबसे ज्यादा 3 प्रतिशत और राजस्थान में 2.22 प्रतिशत वोटर बढ़े हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जब SIR में लाखों नाम हटाए गए, तो अब वोटरों की संख्या फिर कैसे बढ़ने लगी? 12 नवंबर 2026 को जारी SSR की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटरों की संख्या बढ़ी है. आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बढ़ोतरी गोवा और राजस्थान में हुई है.

SIR और SSR में क्या है अंतर?

दोनों प्रक्रियाओं का मकसद मतदाता सूची को सही और अपडेट रखना है, लेकिन इनका तरीका अलग है.

SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन: इसमें चुनाव आयोग के अधिकारी घरघर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाते हैं. पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाता है. मृत, दूसरी जगह जा चुके और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान की जाती है.

SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन: इसमें मौजूदा मतदाता सूची को आधार बनाकर नए पात्र वोटरों के नाम जोड़े जाते हैं. नाम, पता और दूसरी जानकारियों में सुधार किया जाता है. साथ ही गलत नामों को लेकर दावे और आपत्तियां भी मांगी जाती हैं.

यानी SIR में व्यापक जांच होती है, जबकि SSR में मौजूदा सूची को अपडेट करने और नए वोटरों को जोड़ने पर जोर रहता है.

SIR SSR
मतदाता सूची की गहन जांच होती है मौजूदा मतदाता सूची अपडेट होती है
घरघर जाकर वोटरों का सत्यापन होता है दावे और आपत्तियों के जरिए सुधार होता है
पुराने मतदाताओं की जानकारी जांची जाती है नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं
नए और पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन होता है ड्राफ्ट सूची पर जनता से सुझाव और आपत्तियां ली जाती हैं
मृत और स्थान बदल चुके वोटरों की पहचान होती है गलत नाम, पता और अन्य जानकारियां सुधारी जाती हैं

SSR क्यों कराया जा रहा है?

  • जिन युवाओं की उम्र 18 साल हो रही है, उनका नाम वोटर लिस्ट में जोड़ना.
  • ऐसे योग्य लोगों के नाम जोड़ना, जो पहले छूट गए थे.
  • वोटर लिस्ट में गलतियों को सुधारना.
  • मृत और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम हटाना.
  • एक ही व्यक्ति का नाम दो जगह दर्ज होने की समस्या दूर करना.
  • भविष्य में 2027 के दौरान 18 साल के होने वाले युवाओं से भी पहले आवेदन लेना.

देश के 13 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में गुरुवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई. जिन राज्यों में ड्राफ्ट सूची जारी हुई है, उनमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं. इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में भी सूची जारी की गई है.

4 जनवरी, 2027 को फाइनल लिस्ट होगा जारी

वहीं, उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का ड्राफ्ट 17 नवंबर को जारी किया जाएगा. ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही मतदाताओं के लिए नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इसके लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी.

क्यों बढ़ गई वोटर लिस्ट में वोटर्स की संख्या?

SIR के मुकाबले SSR में वोटरों की संख्या बढ़ने की सबसे बड़ी वजह नए मतदाताओं के नाम जुड़ना और पहले छूट गए योग्य लोगों को सूची में शामिल करना है. SSR में नए वोटरों, खासकर 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को नाम जुड़वाने का मौका दिया गया. इसके अलावा जिन योग्य लोगों के नाम पहले किसी वजह से छूट गए थे, वो भी आवेदन कर सकते हैं. पुराने मतदाताओं को अपने नाम और पते में सुधार कराने का भी मौका मिला. इसी वजह से SIR के बाद घटी वोटरों की संख्या SSR के दौरान दोबारा बढ़ गई.

राजस्थान और गोवा में सबसे ज्यादा क्यों बढ़े वोटर?

राजस्थान में फरवरी 2026 में SIR के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में 5.15 करोड़ वोटर थे. वहीं 12 नवंबर को आई SSR की ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 5.26 करोड़ से ज्यादा हो गई. यानी करीब 11.47 लाख मतदाता बढ़े हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं गोवा में SIR के बाद 10.57 लाख मतदाता थे. अब SSR की ड्राफ्ट सूची में करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसकी मुख्य वजह नए मतदाताओं का नाम जुड़ना, पहले छूट गए पात्र लोगों के आवेदन और मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया है. हालांकि, यह मान लेना सही नहीं होगा कि SIR में हटाए गए सभी नाम वापस जुड़ गए हैं.