उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ में वकील अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड के बाद अब आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है. शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और मकान के आगे किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.

इस कार्रवाई के समय को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. दरअसल, नगर पालिका ने 12 नवंबर को मकान पर नोटिस चस्पा कर जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया था, लेकिन अगले ही दिन 13 नवंबर को बुलडोजर चला दिया गया.
वकील की हत्या के बाद आरोपी के मकान पर कार्रवाई
मामला छिबरामऊ नगर के पश्चिमी बाईपास स्थित मोहल्ला ककरैया का है. यहां रहने वाले वकील अनुज चतुर्वेदी की दीपावली की शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात करीब छह बजे थाने के सामने वाली गली में हुई थी. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी.
हत्याकांड में कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित का नाम सामने आया था. पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया था. दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. वहीं, आरोपी के पिता अभी फरार बताए जा रहे हैं. उनका नाम भी हत्याकांड के मुकदमे में शामिल है.
मकान के आगे तीन फुट हिस्से में था अतिक्रमण
हत्याकांड के बाद नगर पालिका परिषद ने आरोपी के मकान के आगे किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की. नगर पालिका की टीम शुक्रवार को जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और मकान के आगे करीब तीन फुट हिस्से में बने अवैध निर्माण को ढहा दिया.
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अभिनव वर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे और नगर पालिका के अवर अभियंता रविराज कौशल समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.
15 दिन का नोटिस, अगले ही दिन चला बुलडोजर
इस कार्रवाई को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा नोटिस और बुलडोजर चलाने के बीच के समय को लेकर हो रही है. नगर पालिका परिषद ने 12 नवंबर को अमोल दीक्षित के मकान पर नोटिस चस्पा किया था. इसमें मकान के आगे करीब तीन फुट हिस्से में अतिक्रमण किए जाने का उल्लेख था. साथ ही संबंधित पक्ष को अपना जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था.
लेकिन नोटिस चस्पा होने के अगले ही दिन यानी 13 नवंबर को नगर पालिका की टीम ने जेसीबी से कथित अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जवाब देने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई थी, तो इतनी जल्द कार्रवाई क्यों की गई? क्या मकान मालिक को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त मौका दिया गया?
डीएम बोले रूटीन कार्रवाई
इस मामले में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि नगर पालिका की ओर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाता है. इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है. स्थानीय लोगों की ओर से भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर अतिक्रमण हटाया गया.
नोटिस पर 12 नवंबर की तारीख और अगले दिन ही कार्रवाई किए जाने के सवाल पर डीएम ने कहा कि नगर पालिका की ओर से पहले भी कागजी कार्रवाई की गई होगी. यह एक रूटीन कार्रवाई है.
फिलहाल, वकील हत्याकांड के बाद आरोपी के मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई और नोटिस में दी गई समयसीमा के बावजूद अगले दिन ही अतिक्रमण हटाए जाने का मामला चर्चा में है.



