शिमला। हिमाचल प्रदेश की मिट्टी में पले-बढ़े और अपनी मेहनत, लगन व काबिलियत के दम पर देशभर में पहचान बनाने वाले कई युवा आज बड़े-बड़े सरकारी और प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। देवभूमि के ऐसे ही एक होनहार अधिकारी ने अब केंद्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी अजय कुमार यादव को केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

 

उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में अतिरिक्त महानिदेशक (Additional Director General) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को उनकी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी देते हुए आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इस नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

केंद्र सरकार ने जताया भरोसा मिली बड़ी जिम्मेदारी

हिमाचल कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी अजय कुमार यादव को अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलेगा। केंद्र सरकार ने उन्हें प्रतिनियुक्ति के आधार पर CRPF में अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गृह मंत्रालय की ओर से इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। सक्षम प्राधिकारी ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।

 

1996 बैच के IPS अधिकारी हैं अजय कुमार यादव

अजय कुमार यादव हिमाचल प्रदेश कैडर के 1996 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। पुलिस सेवा में लंबे अनुभव और वरिष्ठता रखने वाले यादव को अब केंद्रीय सुरक्षा बल में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से हिमाचल प्रदेश पुलिस कैडर के लिए भी गौरव का अवसर आया है।

पे मैट्रिक्स के लेवल-15 में होगी नियुक्ति

गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार अजय कुमार यादव की नियुक्ति पे मैट्रिक्स के लेवल-15 में CRPF के मौजूदा रिक्त पद के विरुद्ध की गई है। उनकी प्रतिनियुक्ति नए पद का कार्यभार संभालने की तारीख से 30 सितंबर 2030 तक निर्धारित की गई है। हालांकि, यह अवधि उनकी सेवानिवृत्ति या अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

 

हिमाचल सरकार को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार से अजय कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है, ताकि वह जल्द से जल्द केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें। नियुक्ति आदेश की प्रतियां हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, CRPF के महानिदेशक और संबंधित केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों को भी भेजी गई हैं। CRPF महानिदेशक को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख की जानकारी गृह मंत्रालय को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

 

हिमाचल के लिए गर्व का पल, केंद्रीय स्तर पर बढ़ा प्रदेश का मान

हिमाचल प्रदेश के कई अधिकारी आज अपनी प्रतिभा और प्रशासनिक अनुभव के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अजय कुमार यादव की CRPF में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर नियुक्ति भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उनकी इस नई जिम्मेदारी से एक बार फिर साबित हुआ है कि देवभूमि के प्रतिभाशाली अधिकारी अपनी मेहनत और कार्यक्षमता के दम पर देश के महत्वपूर्ण संस्थानों में अपनी पहचान बना रहे हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि वह CRPF में अपनी नई जिम्मेदारी किस तरह निभाते हैं।