अगर आप भविष्य के लिए बड़ी पूंजी बनाना चाहते हैं, तो सबसे जरूरी चीज है नियमित निवेश, धैर्य और अनुशासन. कई लोग म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय यह सोचते हैं कि कौनसा फंड सबसे अच्छा है या बाजार में कब निवेश करना चाहिए. लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबे समय में सफलता का सबसे बड़ा राज सही समय नहीं, बल्कि लगातार निवेश करना है. इसी सोच पर आधारित है 101010 SIP रूस. यह एक आसान निवेश रणनीति है, जो लंबे समय में अच्छी संपत्ति बनाने में मदद कर सकती है.

क्या है 101010 SIP Rule?

इस नियम में तीन आसान बातें शामिल हैं. कम से कम 10 साल तक SIP जारी रखें. योजना बनाते समय औसतन 10% सालाना रिटर्न का अनुमान रखें. हर साल अपनी SIP की रकम 10% बढ़ाएं. यानी अगर आपकी आय बढ़ती है, तो उसी के साथ अपनी SIP भी धीरेधीरे बढ़ाते रहें.

कैसे काम करता है यह नियम?

मान लीजिए आपने आज 10,000 रुपये प्रति माह की SIP शुरू की. पहले साल हर महीने ₹10,000 जमा करें. दूसरे साल ₹11,000 महीना जमा करें और तीसरे साल ₹12,100 महीना जमा करें. इसी तरह चौथे साल ₹13,310 महीना जमा करें. यानी हर साल SIP में केवल 10% की बढ़ोतरी करनी है. शुरुआत में यह बढ़ोतरी छोटी लग सकती है, लेकिन समय के साथ यही एक्स्ट्रा निवेश आपकी कुल संपत्ति में बड़ा अंतर पैदा करता है.

कितना हो सकता है फायदा?

विशेषज्ञों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति 10 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की SIP करता है और उसे औसतन 10% सालाना रिटर्न मिलता है, तो उसके पास लगभग 20.48 लाख रुपये का फंड बन सकता है. लेकिन अगर वही निवेशक हर साल अपनी SIP में 10% की बढ़ोतरी करता है, तो 10 साल बाद उसका फंड करीब 30.45 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. यानी सिर्फ हर साल SIP बढ़ाने से लगभग 10 लाख रुपये का एक्स्ट्रा फंड बन सकता है. हालांकि, यह केवल एक उदाहरण है. म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार पर निर्भर करता है और इसकी कोई गारंटी नहीं होती.

कंपाउंडिंग क्या है?

कंपाउंडिंग का मतलब है कि आपको सिर्फ अपने निवेश पर ही नहीं, बल्कि पहले से मिले रिटर्न पर भी रिटर्न मिलता है. यही कारण है कि जितना लंबा समय आप निवेश में बने रहते हैं, आपकी संपत्ति उतनी तेजी से बढ़ सकती है.

101010 Rule का सबसे बड़ा फायदा

इस नियम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि निवेशक उन चीजों पर ध्यान देता है जो उसके नियंत्रण में हैं. रेगुलर इन्वेस्टमेंट, हर साल निवेश बढ़ाना और लंबे समय तक निवेश जारी रखना. बाजार कब ऊपर जाएगा और कब नीचे आएगा, इसका सही अनुमान लगाना लगभग असंभव है. लेकिन नियमित निवेश और धैर्य से लंबे समय में अच्छा फंड बनाया जा सकता है. अगर आपकी सैलरी हर साल बढ़ती है, तो उसी अनुपात में SIP बढ़ाना भी आसान हो जाता है. इससे भविष्य के बड़े वित्तीय लक्ष्य जैसे घर खरीदना, बच्चों की पढ़ाई या रिटायरमेंट की योजना पूरी करने में मदद मिल सकती है.

Disclaimer: 101010 SIP Rule कोई गारंटी नहीं देता कि आपको हर साल 10% रिटर्न ही मिलेगा. यह केवल एक योजना बनाने का तरीका है. म्यूचुअल फंड बाजार के जोखिमों के अधीन होते हैं. इसलिए निवेश करने से पहले अपनी जोखिम क्षमता और वित्तीय जरूरतों को जरूर समझें.