Kaimur News: बिहार के कैमूर जिले के मोकरी गांव में पुराने पोखरे के पास दो बोरियों में हजारों की संख्या में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक मिले. इन दस्तावेजों को देखकर गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों का दावा है कि बोरियों में 10 हजार से अधिक दस्तावेज भरे हुए थे. इनमें पंचायत के सैकड़ों लोगों के पहचान और बैंकिंग से जुड़े कागजात शामिल हैं.

मंगलवार गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर पुराने पोखरे के पास पड़ी दो बोरियों पर गई. शुरुआत में ग्रामीणों को इनके अंदर क्या है, इसकी जानकारी नहीं थी. जब उन्होंने बोरियां खोलकर देखीं तो अंदर आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक भरे हुए थे. दस्तावेजों की संख्या इतनी अधिक थी कि ग्रामीण भी हैरान रह गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये कागजात मोकरी पंचायत के अलगअलग लोगों के हैं. ग्रामीणों ने करीब 10 हजार से अधिक दस्तावेज होने का दावा किया है. हालांकि, इनकी वास्तविक संख्या और दस्तावेजों के मालिकों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
आधार और बैंकिंग दस्तावेज खुले में मिलने से सुरक्षा पर सवाल
यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि आधार कार्ड और बैंकिंग दस्तावेजों में लोगों की निजी और वित्तीय जानकारियां दर्ज होती हैं. आधार कार्ड पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जबकि एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक का इस्तेमाल बैंकिंग लेनदेन में होता है.
ऐसे दस्तावेजों का लावारिस हालत में मिलना लोगों की निजता और वित्तीय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है. यदि ये कागजात गलत हाथों में पहुंच जाते तो इनका दुरुपयोग होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और संबंधित लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या वितरण के दौरान तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि ये सभी दस्तावेज कहां से आए और इन्हें किसने बोरियों में भरकर फेंका.
प्रशासन ने शुरू कराई जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बोरियों को कब्जे में लेकर सभी दस्तावेज थाने में सुरक्षित रखवा दिए. मोकरी पंचायत के पूर्व मुखिया जयशंकर बिहारी और ग्रामीण तेज बहादुर सिंह ने इस मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. भभुआ पोस्ट ऑफिस के सर्किल इंस्पेक्टर चंद्र भूषण प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. इसकी जांच कराई जाएगी. जांच में जिन कर्मचारियों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, भभुआ के एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी दस्तावेज सुरक्षित थाने में रखवा दिए हैं. जिला प्रशासन भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रहा है. लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि इतनी बड़ी संख्या में आधार कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज मोकरी गांव के पोखरे तक कैसे पहुंचे और इन्हें खुले में किसने फेंका.



