Navi Mumbai News: महाराष्ट्र के पेन इलाके के रहने वाले 50 वर्षीय ऑटोरिक्शा ड्राइवर राजेंद्र मालुसरे के साथ एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. सुबह हमेशा की तरह दांत ब्रश करते समय उन्होंने गलती से पूरा टूथब्रश निगल लिया, जो सीधे उनके पेट में जाकर फंस गया. नवी मुंबई स्थित मेडिकवर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी और आधुनिक चिकित्सा तकनीक का परिचय देते हुए बिना किसी सर्जरी के महज 30 मिनट की जटिल एंडोस्कोपी प्रक्रिया से टूथब्रश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. सफल इलाज के कुछ ही घंटों बाद मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

50 वर्षीय रिक्शा चालक राजेंद्र मालुसरे रोज की तरह सुबह मुंह धो रहे थे, तभी अचानक ब्रश फिसलकर गले से नीचे उतर गया और पेट में चला गया. घटना के तुरंत बाद वे स्थानीय डॉक्टर के पास पहुंचे. डॉक्टर ने एक्सरे कराने की सलाह दी, लेकिन प्लास्टिक व फाइबर का होने के कारण टूथब्रश एक्सरे में स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था. हालत की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें बेहतर जांच और इलाज के लिए नवी मुंबई स्थित मेडिकवर अस्पताल भेजा गया.
एंडोस्कोपी में दिखा पूरा ब्रश, डॉ. रावसाहेब राठौड़ की टीम ने किया कमाल
मेडिकवर अस्पताल में एंडोस्कोपी जांच के दौरान डॉक्टरों ने देखा कि पूरा का पूरा टूथब्रश मरीज के पेट में फंसा हुआ था. अस्पताल के सीनियर गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट, हेपेटोलॉजिस्ट और थेराप्यूटिक एंडोस्कोपिस्ट डॉ. रावसाहेब राठौड़ और उनकी मेडिकल टीम ने बिना कोई चीरा लगाए एंडोस्कोपिक उपकरणों की मदद से महज 30 मिनट में टूथब्रश को पेट से सफलतापूर्वक निकाल लिया. समय पर सही इलाज मिलने से मरीज की जान बच गई और राहत की बात यह रही कि इलाज के कुछ ही घंटों बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया.



