Dumka News: झारखंड के दुमका में ठंड से बचने के लिए एक परिवार के लिए अंगीठी जलाकर सोना बहुत भारी पड़ गया. अंगीठी पूरे परिवार के लिए काल बन गई. अंगीठी के धुएं से एक छह साल की बच्ची का दम घुट गया और उसकी मौत हो गई. बच्ची की मां और उसकी दो बहनों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दुमका जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बहराबांक गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, बहराबांक गांव में 11 दिन की नवजात बच्ची को ठंड से बचाने और कमरे को गर्म रखने के लिए रात में मां रीना देवी अंगीठी जलाई थी, लेकिन बंद कमरे में अंगीठी से निकला धुआं भर गया. इससे कमरे के अंदर सो रहे लोगों का दाम घटने लगा. एक छह साल की बच्ची की मौत हो गई.

तीनों का फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी

मृतका की मां, उसकी एक अन्य बहन बच्ची रुपाली कुमारी और 11 दिन की नवजात बहन की स्थिति गंभीर है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए तीनों को तत्काल दुमका जिले के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना में मृत छह साल की बच्ची की पहचान निक्की कुमारी के रूप में हुई है, जिसे जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया.

परिजनों को हुई नहोनी की आशंका, दरवाजा तोड़ा गया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बहराबांक गांव के रहने वाले प्रकाश सिंह की पत्नी रीना देवी ने अपनी 11 दिन की बच्ची को ठंड से बचाने के लिए बमद कमरे में रात में अंगीठी जलाई थी. उनके साथ कमरे में उनकी दो अन्य बच्चियां निक्की और रूपाली भी सो रहीं थीं. आज सुबह जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तब परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद जबरन दरवाजे को तोड़कर खोला गया.

कमरे के अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए

कमरे के अंदर का हृदयविदारक दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए. मां सहित तीनों बेटियां बेहोश पड़ी हुईं थीं. सभी को तत्काल इलाज के लिए दुमका जिले के फूलों झानो मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों की टीम ने 6 साल की निक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि मृतका की मां रीना देवी, बहन रूपाली और एक नवजात बहन का इलाज जारी है.

अंगीठी के धुएं के कारण दम घुटने से बच्ची की मौत और परिवार के तीन अन्य सदस्यों की गंभीर स्थित की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस बहराबांक गांव पहुंची. फिलहाल पुलिस कमरे के अंदर मौजूद सबूत को इकट्ठा कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.