
एल्युमिनियम फॉयल के रोल में निकला ऐसा खेलImage Credit source: IG/@REKHABISHT773
दिल्ली का सदर बाजार अपनी सस्ती कीमतों और थोक सामान के लिए काफी मशहूर है. यहां लोग दूर-दूर से खरीदारी करने आते हैं, क्योंकि कई चीजें दूसरी दुकानों के मुकाबले काफी कम दाम में मिल जाती हैं. लेकिन कई बार सस्ते सामान का लालच जेब पर भारी भी पड़ सकता है. ऐसा ही कुछ दिल्ली की रहने वाली रेखा बिष्ट के साथ हुआ. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने सदर बाजार से 1 किलो का एल्युमिनियम फॉयल महज 200 रुपये में खरीद लिया. उन्हें लगा कि इतनी कम कीमत में इतनी ज्यादा मात्रा में सामान मिलना किसी फायदे के सौदे से कम नहीं है. लेकिन जब वह घर पहुंचीं और पैकेट खोला, तो उनकी खुशी हैरानी में बदल गई.
रेखा बिष्ट ने अपने साथ हुई इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर @rekhabisht773 नाम के अकाउंट से शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने बताया कि वह हाल ही में दिल्ली के सदर बाजार गई थीं. वहां उनकी नजर 1 किलो वाले एल्युमिनियम फॉयल के एक पैकेट पर पड़ी. इसकी कीमत सिर्फ 200 रुपये बताई गई. रेखा के मुताबिक, उनके आसपास की लोकल दुकान पर इसी तरह का सामान करीब 700 रुपये में मिलता है. बस फिर क्या था! कीमत में इतना बड़ा अंतर देखकर उन्होंने बिना ज्यादा सोचे पैकेट खरीद लिया. उन्हें लगा कि बाजार से काफी अच्छी बचत करके लौट रही हैं. उस समय शायद उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इस सस्ती खरीदारी के पीछे ऐसा चौंकाने वाला खेल छिपा हो सकता है.
डिब्बा खोलते ही सामने आया वजन बढ़ाने का खेल
घर पहुंचने के बाद रेखा ने जब एल्युमिनियम फॉयल का डिब्बा खोला और रोल को बाहर निकाला, तो उन्हें कुछ अजीब लगा. पैकेट पर 1 किलो वजन लिखा था, लेकिन अंदर मौजूद फॉयल देखकर उन्हें शक हुआ. इसके बाद जब उन्होंने रोल के बीच लगे कार्डबोर्ड वाले हिस्से को देखा, तो पूरा मामला समझ में आने लगा. रेखा के अनुसार, फॉयल के अंदर मौजूद कार्डबोर्ड की नली के दोनों सिरों पर सीमेंट भरा हुआ था. यानी वजन बढ़ाने के लिए इस तरह का जुगाड़ किया गया था, ताकि पैकेट का कुल वजन 1 किलो के आसपास दिखाया जा सके. ग्राहक को लगे कि उसे पूरी मात्रा में एल्युमिनियम फॉयल मिल रहा है, जबकि असल में इस्तेमाल करने लायक फॉयल काफी कम था.
रेखा ने वीडियो के जरिए अपना गुस्सा और हैरानी जाहिर की. उनका कहना था कि 200 रुपये देकर वह 1 किलो का पैकेट तो खरीद लाई थीं, लेकिन उसमें असली एल्युमिनियम फॉयल कितना निकला, यह देखकर कोई भी अंदाजा लगा सकता है. जिस खरीदारी को वह बड़ी बचत समझ रही थीं, वही उनके लिए नुकसान का सौदा बन गई. रेखा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने इस तरह की धोखाधड़ी पर नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि बाजार में कम कीमत का लालच देकर ग्राहकों को इस तरह बेवकूफ बनाना गलत है.
यह भी पढ़ें: नौकरी पाने से ज्यादा मुश्किल उसे बचाना! मानसिक परेशानियों से जूझ रहे शख्स ने बताई अपनी आपबीती
कुछ यूजर्स ने अपने साथ हुई ऐसी ही घटनाओं का जिक्र किया, तो कई लोगों ने दूसरों को सावधान रहने की सलाह दी. कुछ ने कहा कि सदर बाजार जैसे बड़े थोक बाजारों में खरीदारी करते समय सामान की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है. वहीं, कई लोगों ने सलाह दी कि सिर्फ पैकेट पर लिखे वजन पर भरोसा करने के बजाय सामान की क्वालिटी और असली मात्रा भी देखनी चाहिए.



