उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर पहुंचे. यहां उन्होंने 1 हजार करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओ का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इसके बाद बिजनौर के वर्धमान कॉलेज के ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. सीएम ने कहा, 2017 से पहले बिजनौर में कोई सीएम नहीं आता था. बिजनौर में आना सीएम को अपशकुन लगता था कि वह सीएम के पद हट जाएगा, लेकिन मैं कहता हूं कि जिस बिजनौर की पावन भूमि में भगवान श्रीकृष्ण ने आकर साग खाया हो, मां गंगा का सानिध्य हो वह भूमि अपशकुनी हो सकती है क्या ?

सीएम योगी ने कहा, मैं कहता हूं वो सीएम ही अपशकुनी थे जिन्होंने बिजनौर का विकास रोका. मैं नौ साल में नौ बार बिजनौर आ चुका हुआ हूं. योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिजनौर की धरती को अपशकुनी बताने वाले बबुआ तो दोपहर को बारह बजे सोकर उठते हैं. फिर कुछ खा पीकर दो बजे जिम चले जाते हैं. फिर उनकी अपनी मंडली बैठ जाती थी तो विकास कहां से कराते. उनके पास जनता के लिए टाइम ही नहीं है.

यह जिन्ना का नहीं गन्ना का क्षेत्र है

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जिन्ना का नहीं गन्ना का क्षेत्र है. जो लोग कहते है कि उन्हें जिन्ना पसंद है हम उनसे कहते है हमें जिन्ना नहीं गन्ना पसंद है. हमनें माफियाओं को कुचलने का काम किया है. कभी देश में दसवें नंबर पर रहने वाला आज उत्तर प्रदेश देश की तीसरी बड़ी आर्थिक समृद्धि वाला प्रदेश है. बहुत जल्दी पहले नंबर पर भी आएगा.

देश कांग्रेस के पाप के कारण बंटा

सीएम योगी ने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस के पाप के कारण हुआ. इसको पाकिस्तान और बांग्लादेश से आने वाले लोगों ने भुगता और आज भी भुगत रहे हैं. इसका खामियाजा सिख बंधुओं और बांग्लादेश से आने वाले बंधुओं ने भुगता. आज बांग्लादेश में दलित मारा जाता है तो इन लोगों के मुंह बंद हो जाते हैं.

ये लोग काम ‘जोगेंद्र नाथ मंडल’ का करेंगे

योगी आदित्यनाथ ने कुछ नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जातिबिरादरी के नाम पर बांटने की राजनीति कर जोगेंद्र नाथ मंडल बनना चाहते हैं, इनसे सावधान रहने की जरूरत है. ऐसे लोग नाम ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का लेंगे लेकिन काम ‘जोगेंद्र नाथ मंडल’ का करेंगे.