West Bengal Women Death In Ujjain: मध्य प्रदेश के उज्जैन में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला. मृतक महिला की पहचान नूरबानू के रूप में की गई है. महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगा है. मृतका का मायका पश्चिम बंगाल में बताया जा रहा है. वो पश्चिम बंगाल के मालदा के हरिश्चंद्रपुर1 ब्लॉक के संतोषपुर गांव की रहने वाली थी.

जानकारी के अनुसार, नूरबानू ने पांच साल पहले जिले के ही चंचल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत देबीगंज निवासी समद अली से शादी की थी. नूरबानू, समद की दूसरी पत्नी थी. समद की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने नूरबानू से शादी की थी. समद के पहली पत्नी से दो बच्चे भी हैं. नूरबानू के पिता और परिवार का आरोप है कि संतान न होने के कारण नूरबानू को अक्सर शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी जाती थीं.

नूरबानू ने अपने भाई को थी तस्वीर

लगभग चार महीने पहले नूरबानू अपने पति समद के साथ उज्जैन चली गई, जहां समद की प्लास्टिक फैक्ट्री है. परिवार का दावा है कि नूरबानू की मौत से एक दिन पहले पतिपत्नी के बीच अनबन हुई थी, जिसके दौरान नूरबानू को कथित तौर पर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया था. नूरबानू ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर खून से लथपथ तस्वीर भेजकर अपनी स्थिति की जानकारी भी दी थी.

शव जब पिता के घर पहुंचा तो ससुराल का कोई नहीं था मौजूद

इसके बाद बुधवार की सुबह पुलिस ने उज्जैन के एक किराए के मकान से उसका लटका हुआ शव बरामद किया. शुक्रवार को आरोपी पति समद शव को देबीगंज ले आया. मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें शव देखने से रोका गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं बाद में जब नूरबानू का शव संतोषपुर स्थित उसके पिता के घर लाया गया, तो उसके ससुराल वालों में से कोई भी वहां मौजूद नहीं था.

फिलहाल पति समद ने हत्या के आरोपों से इनकार किया है. उसका दावा है कि घटना के समय वह काम पर बाहर था और मृत्यु की खबर मिलने पर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी को फांसी पर लटका हुआ पाया.