Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से समाज को प्रेरित करने वाली ऐसी खबर सामने आई है, जिसे जानकर आपका भी दिल खुश हो जाएगा. कोटड़ी तहसील की नवगठित ग्राम पंचायत ‘अखेपुरा’ में नया पंचायत भवन बनाने के लिए जमीन की कमी आड़े आ रही थी. इस समस्या को दूर करने के लिए नवनिर्वाचित सरपंच रतनदेवी भवानी जाट के परिवार ने मिसाल कायम की है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिवार की 85 वर्षीय बुजुर्ग मुखिया रामप्यारी देवी ने अपने नाम दर्ज साढ़े तीन बीघा भूमि में से सवा बीघा जमीन ग्राम पंचायत के नाम रजिस्टर्ड करवा दी है.

इस जमीन की कीमत बाजार में लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, राजस्थान सरकार द्वारा वर्ष 2025 में अखेपुरा को नई ग्राम पंचायत का दर्जा दिया गया था. नवगठित पंचायत होने के कारण यहां कोई सरकारी पंचायत भवन नहीं था, जिससे पंचायत के प्रशासनिक कार्यों और ग्राम सभाओं के संचालन में परेशानी आ रही थी.
बहू ने परिवार से जताई चिंता, 85 साल की सास ने दी सहमति
नवनिर्वाचित सरपंच रतनदेवी ने गांव के विकास के लिए पंचायत भवन की नितांत आवश्यकता को देखते हुए यह बात अपने परिवार के सामने रखी. रतनदेवी के पति भवानी जाट और परिवार के सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी निजी जमीन देने का निर्णय लिया. परिवार की 85 वर्षीया वरिष्ठ मुखिया रामप्यारी देवी ने गांव के सार्वजनिक हित को प्राथमिकता देते हुए सवा बीघा खातेदारी जमीन पंचायत के नाम दान कर दी.
पंचायत भवन निर्माण का रास्ता साफ, ग्रामीणों में खुशी
सासबहू की इस अनुकरणीय पहल से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. जमीन की रजिस्ट्री ग्राम पंचायत के नाम होने के बाद अब नए और आधुनिक पंचायत भवन के निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है. आमतौर पर जमीनी विवादों के बीच 85 साल की बुजुर्ग महिला और नवनिर्वाचित सरपंच परिवार का यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग उनके इस जज्बे की खुलकर सराहना कर रहे हैं.



