मध्य अक्टूबर में आया एक ऐसा साइक्लोन, जिसने वैश्विक मौसम वैज्ञानिकों को हैरत में डाल दिया. यह तूफान समुद्र के ऊपर थोड़ी सी ही दूरी तय कर, बेहद कम समय में एक सामान्य साइक्लोन से भयंकर चक्रवात में बदल चुका था. विज्ञान की भाषा में इस प्रक्रिया को रैपिड इंटेंसिफिकेशन कहते हैं.

इसका मतलब यह है कि जब कभी तूफानी हवाओं की रफ्तार महज 24 घंटे के भीतर 65 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा बढ़ जाती है, तो स्थापित वेदर मॉडल भी हैरान रह जाते हैं. चक्रवात ‘अर्णब’ का व्यवहार भी यही बता रहा है कि बंगाल की खाड़ी में अब कुछ बहुत बड़ा और खतरनाक बदल रहा है.
साइक्लोन ‘अर्णब’ इतनी जल्दी इतना खतरनाक कैसे बन गया?
किसी भी चक्रवात को ताकतवर बनने के लिए भारी ऊर्जा की जरूरत होती है, जो उसे गर्म समुद्र से मिलती है. पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश सोलोमन पॉल कहते हैं, “चक्रवात अर्णब जैसी घटनाएं दर्शाती हैं कि गर्म समुद्र, हवा के ऊर्ध्वाधर कतरन में कम उतारचढ़ाव और अनुकूल वायुमंडलीय स्थितियां मिलकर किसी साइक्लोन को बहुत कम समय में विनाशकारी बना सकती हैं.”
एडवांस टेक्नोलॉजी के बावजूद सटीक भविष्यवाणी क्यों मुश्किल?
आज हमारे पास अत्याधुनिक सैटेलाइट, सुपरकंप्यूटर और एआई की बेहतरीन टेक्नोलॉजी है, फिर भी तूफान कब अचानक इतना खतरनाक रूप ले लेगा, इसका 100% सटीक अंदाजा लगाना आज भी एक बड़ा चैलेंज है.
विशेषज्ञ राजेश सोलोमन पॉल बताते हैं कि नए जमाने के सैटेलाइट्स और कंप्यूटर मॉडल्स के बावजूद इसकी तीव्रता में अचानक बदलाव के सटीक समय का पता लगाना मुश्किल है, क्योंकि समुद्र और वायुमंडल की स्थितियां लगातार बदलती रहती हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालिया रिसर्च बताती हैं कि गहरे समुद्र के भीतर की गर्मी का डेटा हर सेकंड बदलता है. एआई और कंप्यूटर मॉडल पिछले ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स को देखकर पूर्वानुमान लगाते हैं, लेकिन जब समुद्र अचानक उम्मीद से ज्यादा थर्मल एनर्जी छोड़ता है, तो तूफान कुछ ही घंटों में अपना रास्ता या अपनी ताकत बदल लेता है.
तूफान अपनी असली ताकत कैसे खींचता है?
‘इंटरनेशनल जर्नल ऑफ क्लाइमेटोलॉजी’ और ‘भारतीय मौसम विज्ञान विभाग’ की रिसर्च बताती है कि साल 2000 के बाद से बंगाल की खाड़ी में आने वाले लगभग 38% तूफान अचानक बहुत तेजी से खतरनाक रूप ले लेते हैं, जबकि दुनिया के बाकी समुद्रों में यह रफ्तार सिर्फ 22% ही है. इसका मुख्य कारण यह है कि वैज्ञानिक आमतौर पर समुद्र की ऊपरी सतह का तापमान नापते हैं, लेकिन तूफान अपनी असली ताकत समुद्र की सतह से 50 से 100 मीटर नीचे छिपी गहराई की गर्मी से खींचता है. इसीलिए, जब समुद्र के नीचे से अचानक उम्मीद से ज्यादा ऊर्जा निकलती है, तो चक्रवात की तीव्रता अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाती है और वैज्ञानिक चाहकर भी इसका ऐन वक्त पर सटीक अंदाजा नहीं लगा पाते.
तूफान से बचने के लिए तटीय इलाकों में कैसे घर बनाएं?
भूवैज्ञानिक राजेश सोलोमन पॉल कहते हैं कि हम प्राकृतिक तूफानों को आने से रोक नहीं सकते, इसलिए साइंस, टेक्नोलॉजी और समय रहते की गई तैयारियों से ही जानमाल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सकता है. कंप्यूटर मैपिंग के जरिए पहले ही उन डेंजर ज़ोन की पहचान करनी होगी, जहां जलभराव या घरों के ढहने का खतरा सबसे ज्यादा है. इसके साथ ही, तटीय क्षेत्रों में चक्रवातप्रतिरोधी ऐसे पक्के मकान बनाने होंगे जो 200 किमी/घंटे से अधिक की रफ्तार वाली हवाओं और तूफानी लहरों को आसानी से झेल सकें.



