टेक्नोलॉजी और क्विक कॉमर्स के इस दौर में अब वो दिन दूर नहीं जब खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो जाने पर आपको घबराने की जरूरत नहीं होगी. क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट और दिग्गज सरकारी तेल कंपनी HPCL ने मिलकर भारत में एक क्रांतिकारी सेवा की शुरुआत की है. अब आप अपनी रोजमर्रा की ग्रोसरी की तरह ही Swiggy Instamart ऐप के जरिए ऑनडिमांड LPG गैस सिलेंडर भी ऑर्डर कर सकेंगे. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह पूरी सर्विस क्या है, यह कैसे काम करेगी और इससे आम कंज्यूमर्स की जिंदगी कितनी बदलने वाली है.

बंगलूरू से शुरू होगी सर्विस

भारत के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म, इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बड़ा ऐलान किया है. इसके तहत देश में पहली बार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑनडिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी सर्विस शुरू की जाएगी. इस साझेदारी के साथ HPCL का नया लॉन्च किया गया ‘HP Navya’ जो नेक्स्ट जेनोशन का 10 किलो का कम्पोजिट LPG सिलेंडर है भी बाज़ार में आ रहा है. यह सर्विस सबसे पहले बेंगलुरु में शुरू होगी, जहां कस्टमर इंस्टामार्ट ऐप के जरिए सीधे HP Navya सिलेंडर और मौजूदा 5 किलो मेटल LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे. कंपनियों ने बेंगलुरु के बाहर इस सर्विस के विस्तार के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई.

कनेक्शन की नहीं होगी जरुरत

कंपनियों के अनुसार, ऑर्डर करने के लिए किसी मौजूदा घरेलू LPG कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी. इससे यह सर्विस ज्यादा ग्राहकों के लिए उपलब्ध हो जाएगी, जिसमें छात्र, कामकाजी लोग और छोटे परिवार शामिल हैं, जिनके पास शायद कोई औपचारिक गैस कनेक्शन न हो. पहली बार ऑर्डर करने पर इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा, जिसमें पहचान की पुष्टि और डिलीवरी के सबूत के दस्तावेजों की प्रक्रिया शामिल होगी. बाद के ऑर्डर को रिफिल माना जाएगा, जिसमें डिलीवरी के समय खाली सिलेंडर वापस ले लिया जाएगा.

इन लोगों को मिलेगी राहत

HPCL ने HP Navya सिलेंडर को पारंपरिक स्टील सिलेंडर के हल्के और जंगरोधी विकल्प के तौर पर पेश किया है. इसकी बॉडी पारदर्शी है, जिससे यूजर गैस का लेवल देख सकते हैं. कंपनी ने कहा कि इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन अपार्टमेंट, छोटे परिवारों और ऐसे घरों के लिए है जो एक सुविधाजनक सेकेंडरी LPG सिलेंडर चाहते हैं. इंस्टामार्ट के जरिए किए गए ऑर्डर HPCL के रजिस्टर्ड डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के माध्यम से पूरे किए जाएंगे. डिलीवरी डिस्ट्रीब्यूटर के प्रशिक्षित कर्मचारी सुरक्षा और रेगुलेटरी नियमों के तहत करेंगे.

इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी ने किराने के सामान से आगे बढ़कर ग्राहकों की रोजमर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनने के लिए विस्तार किया है. HPCL के साथ साझेदारी सुरक्षा और भरोसे के स्टैंडर्ड को बनाए रखते हुए इस सुविधा को एक जरूरी घरेलू सर्विस तक बढ़ाती है. HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग ने कहा कि कंपनी सेफ्टी और भरोसे पर जोर देते हुए “नए भारत” के लिए LPG को ज्यादा सुलभ बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है. उन्होंने कहा कि इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी से HPCL को तेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कस्टमर्स तक पहुंचने और कस्टमर्स के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.