Motihari Road Accident: बिहार में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक के पास धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से टकरा गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. चारों दोस्त अपनी निजी स्कॉर्पियो से मोतिहारी के सिनेमा हॉल में फिल्म देखने जा रहे थे. उन्हें क्या पता था कि दोस्तों के साथ हंसीमजाक और फिल्म देखने का यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. हादसे में जान गंवाने वाले मनु कुमार सिंह की शादी हाल ही में पश्चिम चंपारण में तय हुई थी.

घर में शादी की तैयारियों के बीच अब मातम पसरा

घर में शादी की तैयारियों के बीच अब मातम पसरा हुआ है और शहनाई की आवाज की जगह परिजनों की चीखपुकार सुनाई दे रही है. जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सेवराहा गांव से चार दोस्त रविवार शाम मोतिहारी में फिल्म देखने के लिए निकले थे. सभी मनु कुमार सिंह की स्कॉर्पियो में सवार थे. गायघाट चौक से कुछ आगे धर्मकांटा के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर मार बैठी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. गाड़ी में सवार चारों युवक बुरी तरह फंस गए. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाने की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे युवकों को बाहर निकाला. पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मोतिहारी के निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. चौथे घायल युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है.

दोस्तों के साथ फिल्म देखने निकले थे चारों युवक

बताया जा रहा है कि मानिकपुर हसुआहा निवासी आदित्य कुमार सिंह रविवार शाम अपनी बाइक से अपने दोस्त मनु कुमार सिंह उर्फ अंकित के सेवराहा स्थित सीएसपी सेंटर पर पहुंचे थे. वहां शुभम कुमार और एक अन्य दोस्त भी मौजूद थे. चारों दोस्तों ने मोतिहारी के सिनेमा हॉल में फिल्म देखने का प्लान बनाया. सभी ने साथ में नाश्तापानी किया और हंसीमजाक करते हुए मनु की स्कॉर्पियो से मोतिहारी के लिए निकल पड़े, लेकिन गायघाट के पास धर्मकांटा के समीप हुए भीषण हादसे ने उनकी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया.

हादसे में जान गंवाने वाले मनु कुमार सिंह चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे. उनकी शादी हाल ही में पश्चिम चंपारण में तय हुई थी. परिवार में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं. घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. बेटे का शव देखकर पूर्व मुखिया मुरारी सिंह स्तब्ध रह गए. उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीखपुकार मची हुई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले शुभम कुमार सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र थे. जवान बेटे की मौत से उनके परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है. दोनों युवकों की मौत की खबर से सेवराहा गांव में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त

घटना के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. हरसिद्धि के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है. दोनों शवों का रात में ही पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मानिकपुर हसुआहा की मुखिया कस्तूरी खान सहित ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. दो दोस्तों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है.