चार दिन से मां की तलाश कर रही बेटियों को घर की दीवार पर खून के छींटे दिखे, तो शक गहराने लगा. उन्हें क्या पता था कि जिस मां को वे ढूंढ रही हैं, उसकी लाश घर के ही एक कमरे की जमीन के नीचे दफन है. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के तुंगी गांव में जब पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमरे की खुदाई कराई, तो अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया. सड़ागला शव बरामद हुआ. अब पुलिस उसके पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

महिला गुरुवारी हांसदा पिछले करीब चार दिनों से लापता थी. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी. इसी दौरान उसकी बेटियों की नजर घर के एक कमरे की दीवार पर पड़े खून के छींटों पर गई. दीवार पर खून देखकर उन्हें संदेह हुआ कि घर के अंदर कोई अनहोनी हुई है. इसके बाद बेटियों ने ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी. ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिलने पर पंड्रासाली ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

कमरे की खुदाई में मिला सड़ागला शव

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संदिग्ध कमरे की जमीन की खुदाई कराई. खुदाई के दौरान जमीन के नीचे महिला का शव दबा हुआ मिला. शव की हालत काफी खराब थी. घर के अंदर ही शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शव को घर के कमरे में क्यों दफनाया गया.

पति को हिरासत में लेकर पूछताछ

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति राम हांसदा को हिरासत में लिया है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है. पति की भूमिका और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं. महिला की हत्या कब और कैसे की गई? शव को घर के कमरे की जमीन में किसने दफनाया? क्या इसके पीछे घरेलू विवाद था या कोई दूसरी वजह? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस सबूत जुटा रही है. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.