दिवाली और छठ का त्योहार नजदीक है. ऐसे में घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास तैयारी की है. त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के फेरे लगाए जाएंगे. साथ ही रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने, सुरक्षा मजबूत करने और ट्रेनों के समय पर परिचालन के लिए कई कदम उठाए गए हैं. उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, त्योहारों के दौरान रेलवे की ओर से करीब ट्रेनों के 6,200 अतिरिक्त फेरे लगाए जाने की तैयारी है.

रेलवे के मुताबिक, त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. इनमें करीब 3,600 स्पेशल ट्रेनों के ट्रिप चलाए जाएंगे. ये ट्रेनें 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच संचालित की जाएंगी. इसका मकसद त्योहारों के दौरान यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराना है. रेलवे ने ईस्टर्न सेक्टर में 42 ट्रेनों को नियमित भी किया है. इससे संबंधित रूटों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है.

ट्रेनों की लाइव मॉनिटरिंग, समय पर परिचालन पर जोर

त्योहारों के दौरान ट्रेनों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए रेलवे वॉर रूम से लाइव मॉनिटरिंग कर रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके जरिए ट्रेनों के परिचालन पर नजर रखी जाएगी, ताकि देरी और परिचालन से जुड़ी समस्याओं पर समय रहते कार्रवाई की जा सके. भीड़ के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में रेलवे का जोर ट्रेनों के संचालन के साथसाथ प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में व्यवस्था बनाए रखने पर भी है.

नई दिल्ली स्टेशन पर बनेगा अतिरिक्त होल्डिंग एरिया

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अजमेरी गेट की तरफ अतिरिक्त होल्डिंग एरिया बनाया गया है. इसका मकसद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर एक साथ पहुंचने से रोकना और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना है. वहीं, आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भी स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है. त्योहारों के दौरान इन व्यवस्थाओं से स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.

सुरक्षा के लिए RPF के अतिरिक्त जवान तैनात

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं. इनमें महिला और पुरुष, दोनों जवान शामिल हैं. इसके अलावा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए राजकीय रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस के साथ समन्वय किया जाएगा.

फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से भीड़ पर नजर

रेलवे भीड़ प्रबंधन के लिए फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का भी इस्तेमाल करेगा. इस तकनीक से स्टेशन परिसर में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी.