बिहार के सारण में सरेआम युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है. जिले में मशरक के ब्राहिमपुर गोपी महुआरी टोला गांव में एक युवक को सिर में गोली मार दी गई. हालत को देखते हुए उसे सिवान सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मौके पर एसपी ग्रामीण संजय कुमार और डीएसपी संजय कुमार सुधांशु दलबल के साथ पहुंचकर मामले की जांचपड़ताल कर रहे हैं.

घायल ब्राहिमपुर गोपी महुआरी टोला गांव निवासी संजीव कुमार सिंह का 21 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार सिंह उर्फ सिंटू है. घायल ने इलाज के दौरान गोली मारने वाले का नाम विकू बताया है. इसका वीडियो परिजनों द्वारा रिकॉर्ड किया गया है.
परिजनों में शामिल चाचा रोशन कुमार ने बताया कि घायल प्रियांशु पटना में बीबीए की पढ़ाई करता है. दुर्गा पूजा की छुट्टी में वह गांव आया था. गांव के ही कुछ लड़कों ने दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद पार्टी में उसे बुलाया था. रात करीब एक बजे गांव के ही लड़कों ने घर आकर सूचना दी कि प्रियांशु को गोली लगी है और उसे इलाज के लिए सिवान ले जाया गया है. वहां चिकित्सक ने सिर में गोली लगे होने और हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे गोरखपुर रेफर कर दिया.
घायल दो भाइयों में छोटा है. वहीं, डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि मामले की जांचपड़ताल की जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गोली चलने के घटनास्थल की पुष्टि नहीं हुई है. इलाका सारण और सिवान का सीमावर्ती क्षेत्र है. मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है. परिजनों से पूछताछ की गई है. सीमावर्ती गांव होने की वजह से सारण और सिवान जिले की पुलिस जांचपड़ताल कर रही है.



