मटर एक ऐसी सब्जी है, जिसका इस्तेमाल भारतीय रसोई में कई तरह के व्यंजन बनाने के लिए किया जाता है. इसका हल्का मीठा स्वाद और मुलायम बनावट इसे बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंद बनाते हैं. चाहे सर्दियों का मौसम हो या फ्रोजन मटर का उपयोग, इसे पूरे साल आसानी से डाइट में शामिल किया जा सकता है. यही वजह है कि मटर से कई स्वादिष्ट और झटपट बनने वाले नाश्ते तैयार किए जाते हैं.

मटर में , फाइबर, विटामिन सी, विटामिन के, फोलेट, आयरन, पोटैशियम और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. संतुलित मात्रा में इसका सेवन पाचन को बेहतर बनाए रखने, इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने, लंबे समय तक पेट भरा रखने और शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद कर सकता है. साथ ही, इसमें मौजूद फाइबर और प्रोटीन इसे संतुलित डाइट का जरूरी हिस्सा बनाते हैं. आइए जानते हैं कि मटर से कौनसे टेस्टी और झटपट नाश्ते बनाए जा सकते हैं और मटर खरीदते, स्टोर करते व पकाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

मटर से बनाएं ये 5 टेस्टी और झटपट नाश्ते

मटर पोहा

पोहा को धोकर अलग रख दें. एक पैन में राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और प्याज भूनें. इसमें उबले हुए मटर और हल्दी डालें, फिर पोहा मिलाकर कुछ मिनट पकाएं. ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालें. यह फाइबर, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर हल्का और पौष्टिक नाश्ता है.

मटर चीला

बेसन के घोल में उबले हुए मटर, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और मसाले मिलाएं. इस घोल को तवे पर फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर नाश्ता है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकता है.

मटर सैंडविच

उबले हुए मटर को हल्का मैश करके उसमें प्याज, शिमला मिर्च, काली मिर्च और थोड़ा पनीर मिलाएं. इस मिश्रण को गेहूं या मल्टीग्रेन ब्रेड के बीच भरकर तवे या सैंडविच मेकर में सेक लें. यह स्वादिष्ट नाश्ता प्रोटीन, फाइबर और विटामिन का अच्छा सोर्स बन सकता है.

मटर कटलेट

उबले हुए मटर में उबले आलू, गाजर, अदरक, हरा धनिया और मसाले मिलाकर टिक्की बना लें. इन्हें हल्के तेल में तवे पर सेंकें या एयर फ्रायर में तैयार करें. यह बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम नाश्ता है, जो फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है.

मटर पराठा

उबले हुए मटर को मैश करके उसमें हरा धनिया, अदरक, हरी मिर्च और मसाले मिलाएंम इस मिश्रण को गेहूं के आटे की लोई में भरकर पराठा बेलें और तवे पर हल्का घी लगाकर सेंक लें. दही या चटनी के साथ परोसा गया यह पराठा स्वादिष्ट होने के साथ पेट भरने वाला विकल्प है.

मटर खरीदते, स्टोर करते और पकाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

मटर खरीदते समय हमेशा ताजी, हरी और भरी हुई फलियां चुनें. अगर पैक्ड या फ्रोजन मटर खरीद रहे हैं, तो पैकेट की एक्सपायरी डेट जरूर जांचें. ताजी मटर को फ्रिज में एयरटाइट डिब्बे या छिद्र वाले बैग में स्टोर करें, ताकि उसकी ताजगी बनी रहे. लंबे समय तक रखने के लिए मटर को हल्का उबालकर फ्रीज भी किया जा सकता है.

मटर को बहुत देर तक पकाने से इसके कुछ पोषक तत्व, खासकर विटामिन सी, कम हो सकता हैं. इसलिए इसे मध्यम आंच पर जरूरत के अनुसार ही पकाएं. इस्तेमाल करने से पहले मटर को अच्छी तरह धो लें और साफसफाई का विशेष ध्यान रखें. संतुलित मात्रा में मटर को नियमित डाइट में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है.