वियतनाम घूमने गए भारतीय पर्यटकों के साथ बड़ा हादसा हुआ है. हनोई में भारतीय दूतावास ने बताया कि शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलट गई. भारतीय मिशन ने हादसे की जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम बना दिए हैं. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है.

दक्षिणी वियतनाम के अधिकारियों का कहना है कि स्पीडबोट पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि जब यह नाव वियतनाम के फु क्वोक के पास ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप के पास पलटी, तो उस पर 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे. हादसे में 21 लोगों को बचा लिया गया है. सभी 21 लोगों को बचाकर अस्पताल ले जाया गया. इनमें से दो की हालत गंभीर है. यही नहीं सभी 15 शवों को भी किनारे पर लाया गया है.

भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, “एक दुखद घटना में, वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई है.” इसमें कहा गया है कि जानकारी और मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल और हनोई में दूतावास में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.

हादसे के बारे में पता करने के लिए हेल्पलाइन नंबर
हादसे में मरने वालों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414। हनोई वाले दूसरे कंट्रोल रूम से इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है: +84 91 308 9165. भारतीय मिशन ने कहा कि वे किसी भी तरह की मदद और सवालों के लिए उपलब्ध हैं.

कैसे हुआ हादसा
VnExpress के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि नाव होन मे रुट आइलैंड से एन थोई पोर्ट जा रही थी, तभी समुद्र में लगभग 400 मीटर की दूरी पर वह पलट गई. VnExpress की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय समुद्र में हालात खराब थे और इलाके में ऊंची लहरें उठ रही थीं. वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप, फु क्वोक, देश के सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक बन गया है और हाल के वर्षों में यहां बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक आने लगे हैं.