उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई हैं. हाल ही में उन्होंने एक रोते हुए वीडियो शेयर करते हुए अपने पति गिरधारी लाल साहू पर घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी , अवैध संबंध, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए थे. वहीं गिरधारी लाल ने भी पत्नी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. इस बीच खबर है कि रेखा आर्य के आरोपों की जांच के लिए 9 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू पर लगाए गए शारीरिक हमले, उत्पीड़न, जातिसूचक टिप्पणियां करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों की जांच के लिए 9 सदस्यीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है.

जया बलोनी करेंगी टीम का नेतृत्व

पुलिस अधीक्षक जया बलोनी के नेतृत्व वाली एक टीम इस मामले की जांच करेगी. बलोनी ने कहा ‘इस घटना की जांच के लिए 9 सदस्यीय SIT बनाई गई है. मंत्री के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद हम जांच शुरू करेंगे और इसे जल्द से जल्द पूरा करेंगे’.

पति के खिलाफ FIR दर्ज

गुरुवार शाम को, रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाना पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने साहू पर शारीरिक हमले, उत्पीड़न, जातिसूचक टिप्पणियां करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया. FIR कानून की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई थी, जिसमें ‘अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम’ की तीन धाराएं भी शामिल हैं.

पत्नी पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

अपनी पत्नी के साथ चल रहे विवाद के बीच, साहू ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.उन्होंने दावा किया कि मंत्री के पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि किसी उपयुक्त एजेंसी से इस मामले की जांच कराई जाए. हालांकि, उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं दिया.

ऑडियो रिकॉर्डिंग को बताया फर्जी

उन्होंने आगे दावा किया कि गुरुवार शाम को मंत्री द्वारा शेयर की गई एक ऑडियो रिकॉर्डिंग फर्जी थी, जिसे AI की मदद से बनाया गया था और इसका मकसद परिवार के भीतर फूट डालना था. साहू ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया.

FIR वापस लेने की अपील

वीडियो में साहू ने अपनी पत्नी रेखा आर्या से FIR वापस लेने और अपना बयान बदलने की अपील की. उन्होंने जोर देकर कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं.

कांग्रेस का बयान

इस बीच, शुक्रवार शाम को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक वीडियो बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि अगर आर्या उत्पीड़न का शिकार हुई हैं तो उत्तराखंड की बेटी के तौर पर हमारी सहानुभूति उनके साथ है. हालांकि, गोदियाल ने मंत्री के पति पर 210 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति जुटाने और स्कूली बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए मिलने वाले राशन में गड़बड़ी करने के आरोपों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रेखा आर्या और मुख्यमंत्री को इन गंभीर आरोपों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि चूंकि आर्य एक मंत्री हैं, इसलिए उन्हें बेबस महिला कहना राज्य का अपमान होगा.

गोदियाल ने कहा ‘इन गंभीर आरोपों को देखते हुए, और सार्वजनिक मर्यादा बनाए रखने के लिए, मुख्यमंत्री को मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. एक तरफ अंकिता भंडारी का मामला है और दूसरी तरफ रेखा आर्या काआखिर यह सब कब तक चलेगा? सरकार को उत्तराखंड में महिलाओं की स्थिति पर जवाब देना चाहिए और इन गंभीर आरोपों पर कार्रवाई करनी चाहिए’.