Featured Image

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव में बुजुर्ग दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ले ली थी. इसी बात को लेकर वह करीब एक साल से उनसे रंजिश रखता था.

पुलिस जांच में जेवर लूटने की साजिश भी सामने आई है. पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं.

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को बिरबिरा गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने में सूचना दी कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की घर में घुसकर हत्या कर दी गई है. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंची.

घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के शव खून से लथपथ मिले. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जांच के दौरान गांव के ही प्रमोद उर्फ रॉकी साहू पर संदेह हुआ. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्याकांड से जुड़ी कई बातें सामने आईं.

मां की मौत के बाद जादू-टोने का शक

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मां की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी. इसके बाद उसे शक होने लगा कि बुजुर्ग दंपती ने जादू-टोना करके उसकी मां की जान ली है. इसी संदेह के चलते वह दोनों से दुश्मनी रखने लगा था और गांव में भी इस बारे में चर्चा करता था.

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पता था कि बुजुर्ग दंपती के पास काफी जमीन है और आसबती साहू अक्सर सोने-चांदी के आभूषण पहनती थीं. पुलिस के अनुसार, इसी वजह से उसने हत्या के साथ जेवर लूटने की योजना भी बनाई.

आरोप है कि 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वह टंगिया और हंसिया लेकर घर से निकला. वह छतों के रास्ते सदाशी साहू के घर पहुंचा और वहां दाखिल हो गया. इसके बाद उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू पर टंगिया से हमला किया. फिर दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर टंगिया और हंसिया से वार किए. इस हमले में दोनों की मौत हो गई.

हत्या के बाद जेवर लूटे, हथियार झाड़ियों में छिपाए

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग दंपती की हत्या के बाद आरोपी ने आसबती साहू के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने की खिनवा समेत घर में रखे आभूषण, अंगूठियां, बिछिया और सिक्के लूट लिए.

वारदात के बाद उसने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और एक सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया. पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी से पूछताछ की, जिसके बाद उसने वारदात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए.

पुलिस ने मामले में संबंधित कानूनी धाराएं और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी हैं. आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले को 48 घंटे के भीतर सुलझाने में आरंग थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही.