Delhi CJP Protest: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आज सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन और ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर आज दोपहर 3 बजे से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहने की आशंका है. ट्रैफिक पुलिस ने लुटियंस दिल्ली और कनॉट प्लेस की तरफ आनेजाने वाले वाहन चालकों को 21 प्रमुख रास्तों से बचने तथा अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है.

पुलिस ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार दोपहर 3 बजे से नई दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट और नियंत्रित किया जाएगा:

प्रमुख मार्ग: संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और जनपथ.

महत्वपूर्ण चौक व चौराहा: रेल भवन, रफी मार्ग, ‘सी’ हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग.

संपर्क मार्ग: अशोक रोड , तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड.

‘कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च से दूर रहें लोग’

सुरक्षा और कानूनव्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से विशेष अपील जारी की है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शुक्रवार को कनॉट प्लेस में CJP द्वारा प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से दूर रहें. पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लागू निषेधाज्ञा का हवाला दिया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की प्रतीकात्मक अनुमति दी जा सकती है.

CJP का शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में जुटने का आह्वान

यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ जारी तनातनी के बीच आयोजित किया जा रहा है. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से अपील की है कि वे 16 अक्टूबर की शाम 5 बजे अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में एकत्र हों. संस्था ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को इस प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.

प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा NDMC सेंट्रल पार्क

इस बीच नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने सुरक्षा कारणों से बड़ा कदम उठाया है. NDMC ने दिल्ली पुलिस को आधिकारिक सूचना दी है कि ‘प्रशासनिक कारणों’ के चलते 16 और 17 अक्टूबर को कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। NDMC ने पुलिस प्रशासन से पार्क में अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.