बांग्लादेश क्रिकेट के लिए एक बड़ा झटका यह है कि टीम के स्टार तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को दाहिने घुटने में ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग टियर और मेनिस्कल डिजनरेशन की वजह से चार हफ़्ते के लिए खेल से बाहर होना पड़ा है। ध्यान देने वाली बात यह है कि चोट के कारण रहमान ज़िम्बाब्वे के मौजूदा दौरे के बाकी मैचों में नहीं खेल पाएंगे। गौरतलब है कि 6 जुलाई को ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ सीरीज़ के पहले वनडे में गेंदबाज़ी करते समय मुस्तफ़िज़ुर को दर्द महसूस हुआ था। अगले दिन स्कैन कराने पर उनकी चोट की गंभीरता का पता चला। सीरीज़ के दूसरे वनडे में उनकी जगह शोरिफ़ुल इस्लाम को टीम में शामिल किया गया था।
 

क्रिकबज़ के अनुसार, बांग्लादेश टीम के फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने कहा कि पहले वनडे मैच में बॉलिंग करते समय मुस्तफिजुर रहमान को दाहिने हैमस्ट्रिंग में दर्द महसूस हुआ और वह मैदान से बाहर चले गए। हमने 7 जुलाई को स्कैन किया और रिपोर्ट के मुताबिक, उनके दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड 1 का मसल टियर हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि उसी घुटने में उन्हें थोड़ी डीजेनरेटिव समस्या भी है, और हमें उम्मीद है कि उन्हें ठीक होने में कम से कम चार हफ़्ते लगेंगे। मुस्तफिजुर घर लौटेंगे और अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे।
इसके अलावा, BCB ने घोषणा की कि ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ होने वाले आगामी मैचों के लिए बांग्लादेश की T20I टीम में मुस्तफ़िज़ुर की जगह तस्कीन अहमद लेंगे। शेड्यूल की बात करें तो, दो वनडे मैच खेले जा चुके हैं और अब बांग्लादेश की टीम सीरीज़ के तीसरे वनडे में ज़िम्बाब्वे का सामना करेगी। दोनों टीमें 11 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आमनेसामने होंगी और मुस्तफ़िज़ुर रहमान के बिना भी बांग्लादेश अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेगा।
 

ध्यान देने वाली बात यह है कि ज़िम्बाब्वे पहले ही सीरीज़ के शुरुआती दो वनडे मैच जीतकर सीरीज़ अपने नाम कर चुका है। जहाँ मेज़बान टीम ‘क्लीन स्वीप’ करने की कोशिश करेगी, वहीं बांग्लादेश ‘क्लीन स्वीप’ से बचने और अपने अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा।
 
For more updates and indepth coverage on cricket, visit at Prabhasakshi.