पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मंगलवार सुबह मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार ने झोटा पर बेहद करीब से तीन गोलियां चलाईं. इस हमले में झोटा के चार साथी भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. वहीं, झोटा के पुराने साथी जस्सी पैंचर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या का बदला लेने की धमकी दी है.

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद उनके पुराने साथी जस्सी पैंचर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया. इसमें उसने दावा किया कि झोटा और उसने श्री आनंदपुर साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब की उपस्थिति में एकदूसरे से कसम खाई थी कि अगर दोनों में से किसी एक की हत्या हुई, तो दूसरा उसका बदला लेगा.
‘गोली का जवाब गोली से…’
जस्सी ने पोस्ट में लिखा कि भले ही पिछले कुछ समय से उसकी और झोटा की बातचीत बंद थी, लेकिन उनके बीच खाई गई कसम अब भी उसके लिए मायने रखती है. उसने कहा कि झोटा की हत्या करने वाले को गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा. पोस्ट में उसने यह भी लिखा कि उसे प्रसिद्धि की चाह नहीं है, बल्कि वह अपनी कसम पूरी करना चाहता है.
जस्सी ने अपने पोस्ट में बदला लेने की बात कही है. उसने यह भी आशंका जताई कि इस कदम के बाद उसका पुलिस एनकाउंटर हो सकता है. हालांकि, टीवी9 सोशल मीडिया पर किसी ऐसे पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है. जस्सी ने अपनी पोस्ट में अतीत की एक घटना का भी जिक्र किया. उसके मुताबिक, झोटा के सिर पर चोट लगने के बाद उसने कथित तौर पर चोट पहुंचाने वाले व्यक्ति पर गोलियां चलाई थीं और इस मामले में जेल भी गया था. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे परविंदर
परविंदर सिंह झोटा पंजाब के मानसा के रहने वाले थे. वह कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके थे, लेकिन नशे के खिलाफ अभियान चलाने के कारण ज्यादा चर्चा में आए. सोशल मीडिया पर उनकी कई वीडियो वायरल हुई थीं.
झोटा मानसा और आसपास के इलाकों में मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने का आरोप लगाते हुए अभियान चलाते थे. उनकी इस मुहिम को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा होती थी. हालांकि, उनका नाम कई विवादों में भी आया था. उनके खिलाफ हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी.
2023 में अश्वनी कुमार से हुआ था विवाद
रिपोर्टों के मुताबिक, 12 जुलाई 2023 को परविंदर सिंह झोटा और उनके समर्थकों का मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार के साथ विवाद हुआ था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोप था कि झोटा और उनके साथियों ने अश्वनी को जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
इसके बाद पुलिस ने झोटा और उनके कुछ साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था. उस समय भी नशे के खिलाफ झोटा की मुहिम और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर बहस हुई थी.



