उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. रामलीला कमेटी के भीतर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. अमरिया कस्बे में मेले के आयोजन और पिछले साल के खर्च का हिसाब मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए. घायलों में कुणाल, अंकित गुप्ता और मोहित गुप्ता की मौत हो गई. चौथे घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है. तनाव को देखते हुए कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

सोमवार देर शाम अमरिया कस्बे में आगामी रामलीला मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए बैठक बुलाई गई थी. बैठक में कमेटी के सदस्यों के बीच पिछले मेले के आयव्यय का हिसाब मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया.
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई. गोलियां लगने से कुणाल, अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता और एक अन्य युवक घायल हो गए.
कुणाल और अंकित की मौके के बाद अस्पताल में मौत
फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अमरिया अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने 19 वर्षीय कुणाल और अंकित गुप्ता को मृत घोषित कर दिया. वहीं, मोहित गुप्ता की हालत गंभीर थी. उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया.
हालांकि, बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान मोहित ने भी दम तोड़ दिया. इसके साथ ही गोलीकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई. घटना में घायल चौथे व्यक्ति का अस्पताल में उपचार जारी है.
तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही कस्बे में हड़कंप मच गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है.
मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता हिरासत में
गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद एएसपी हिमांशु गौरव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है.
पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को हिरासत में लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस बात पर बढ़ा और फायरिंग में किन लोगों की भूमिका थी.
तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
तीन लोगों की मौत के बाद अमरिया कस्बे में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.



