Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पति की हत्या के मामले में अदालत में गवाही देने वाली बरेली की शिक्षिका संगीता गंगवार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की मांग की है. बुधवार को उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि जिन लोगों पर उनके पति की हत्या का आरोप है, उनमें से कई आरोपी अब जेल से बाहर आ चुके हैं. उनका कहना है कि आरोपी उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं और मुकदमे को कमजोर करने के लिए उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं. शिक्षिका ने पुलिस से जल्द सुरक्षा देने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

संगीता गंगवार ने बताया कि उन्होंने अपने पति पुष्पेंद्र गंगवार की हत्या अपनी आंखों के सामने होते देखी थी. उनके अनुसार दिनदहाड़े बीच चौराहे पर उनके पति को गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था. वह इस मामले की प्रत्यक्षदर्शी गवाह हैं और अदालत में अपनी गवाही भी दे चुकी हैं. उनका कहना है कि अब वही गवाही उनके लिए खतरे की वजह बन गई है.

शिक्षिका ने बताया कि उनके परिवार पर कई सालों से लगातार हमले हो रहे हैं. वर्ष 2021 में उनके देवर की भी दिनदहाड़े सड़क पर हत्या कर दी गई थी. उस घटना के कुछ समय बाद वर्ष 2024 में उनके पति की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई. उनका आरोप है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही पक्ष के लोग हैं और अब उन्हें भी रास्ते से हटाने की कोशिश की जा रही है.

पहले से बना ली थी प्लानिंग

संगीता का आरोप है कि पति की हत्या पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी. उनका कहना है कि मुख्य आरोपी पूरन लाल ने वारदात से पहले एक अन्य मामले में खुद को जेल भेज दिया था ताकि उस पर किसी को शक न हो. आरोप है कि जेल में रहते हुए उसने अपने साथियों के जरिए पूरी साजिश तैयार कराई और फिर हत्या को अंजाम दिलाया गया.

महिला ने बताया कि उनके पति की हत्या के मुकदमे में कुल 15 लोगों को नामजद किया गया है. इनमें से कुछ आरोपी अब जमानत पर जेल से बाहर आ चुके हैं. उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम कह रहे हैं कि उन्हें फिर जेल जाना ही है, इसलिए उससे पहले उन्हें खत्म कर दिया जाए, ताकि मुकदमे की पैरवी करने वाला कोई न बचे.

इसलिए बढ़ गया है डर

संगीता गंगवार का कहना है कि पति की हत्या का मुकदमा अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जल्द अदालत का फैसला आने की उम्मीद है. उनके अनुसार इसी वजह से आरोपी घबराए हुए हैं और उन्हें डर है कि अगर वह जिंदा रहीं तो अदालत में सच सामने आएगा. इसी कारण उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जमानत पर छूटे संतोष समेत कई लोग उनकी हत्या की योजना बना रहे हैं. प्रार्थना पत्र में उन्होंने पूरन लाल, संतोष, गुड्डू, प्रेम, दुर्वेश, सुरेंद्र, महेंद्र उर्फ कान्हा के भाई महेश कुमार, राकेश, रमेश, वीरेश, यशपाल, गजनहेरा निवासी सोमपाल और मुरारपुर के कोटेदार रामप्रकाश सहित कई लोगों के नाम लिखकर कार्रवाई की मांग की है.

कोई भी गवाही देने को तैयार नहीं

शिक्षिका का आरोप है कि उनके पास इस पूरी साजिश से जुड़े कुछ अहम सबूत भी मौजूद हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से वह उन्हें सार्वजनिक नहीं कर सकतीं. जरूरत पड़ने पर वह सभी सबूत पुलिस और जांच एजेंसियों को देने के लिए तैयार हैं. उनका यह भी कहना है कि इलाके में आरोपियों का इतना खौफ है कि कोई व्यक्ति खुलकर उनके खिलाफ बोलने या गवाही देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है.

संगीता गंगवार ने एसएसपी अनुराग आर्य से खुद और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और किसी भी समय उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गतिविधियों की निगरानी करने, धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा देने गुहार लगाई है.