बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रेखा आज यानी की 10 अक्तूबर को अपना 72वां जन्मदिन मना रही हैं। रेखा उन सितारों में से एक हैं, जिनका अंदाज आज भी लोगों को आकर्षित करता है। हालांकि उनकी जिंदगी सिर्फ खूबसूरती और शोहरत तक नहीं है, बल्कि उन्होंने मजबूरी में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। एक दौर वह भी था, जब रेखा को अपने लुक को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ता था। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर रेखा के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…

जन्म और परिवार

चेन्नई में 10 अक्टूबर 1954 को रेखा का जन्म हुआ था। इनके पिता तमिल एक्टर जेमिनी गणेशन और मां तेलुगु एक्ट्रेस पुष्पावल्ली थीं। जेमिनी गणेशन के साथ रिलेशनशिप मे रहते हुए पुष्पावली ने रेखा को जन्म दिया था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में रेखा को अभिनय विरासत में मिला था। रेखा के पिता जेमिनी गणेशन की गिनती साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेताओं में होती थी, उनको ‘किंग ऑफ रोमांस’ कहा जाता था।

फिल्मी सफर

बता दें कि रेखा ने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत बाल कलाकार के रूप में की थी। वहीं साल 1970 में फिल्मी ‘सावन भादों’ से एक्ट्रेस ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। शुरूआती दौर में अपनी एक्टिंग और खूबसूरती के लिए पहचानी जाने वाली रेखा ने साल 1970 और 1980 के दशक में कई शानदार फिल्मों में काम कर अपनी एक अलग पहचान बनाई। एक्ट्रेस ने ‘मिस्टर नटवरलाल’, ‘उमराव जान’, ‘घर’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘सिलसिला’, ‘खूबसूरत’ और ‘खून भरी मांग’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वहीं इन फिल्मों में एक्ट्रेस की एक्टिंग को दर्शकों द्वारा खूब प्यार मिला।

इसके बाद साल 1990 के दशक के बाद अभिनेत्री ने फिल्मों में काम करना काफी कम कर दिया। हालांकि उन्होंने एक्टिंग से पूरी तरह संन्यास नहीं लिया, वह बीचबीच में फिल्मों में नजर आती हैं। साल 2003 में वह फिल्म ‘कोई मिल गया’, साल 2006 में फिल्म ‘कृष’, साल 2007 में फिल्म ‘ओम शांति ओम’, साल 2014 में फिल्म ‘सुपर नानी’ और साल 2015 में वह फिल्म ‘शमिताभ’ में नजर आई थीं।

अभिनेत्री रेखा की आखिरी रिलीज हुई हिंदी फिल्म साल 2018 में ‘यमला पगला दीवाना’ आई थी। इस फिल्म में रेखा विशेष भूमिका में नजर आई थीं। इस फिल्म के बाद से रेखा हिंदी फिल्मों में अधिक सक्रिय नहीं रहीं। अभिनेत्री ने अपने फिल्मी करियर में सबसे ज्यादा 26 फिल्में अभिनेता जितेंद्र के साथ और 11 फिल्मों में अमिताभ बच्चन के साथ काम किया है।

इन एक्टर्स से जुड़ा रेखा का नाम

साल 1973 में रेखा का नाम अभिनेता विनोद मेहरा संग जोड़ा गया और दोनों के अफेयर की खूब चर्चा हुई। लेकिन विनोद पहले से दो बार शादी कर चुके थे और दोनों बार तलाक हो चुका था। इसके बाद उनका नाम नवीन निश्चल, किरण कुमार और राज बब्बर जैसे एक्टर्स से भी जोड़ा गया। फिर रेखा की जिंदगी में अभिनेता अमिताभ बच्चन की एंट्री हुई। रेखा और अमिताभ की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और चर्चित जोड़ियों में से एक रहे।

अमिताभ और रेखा ने ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘मिस्टर नटवरलाल’ ‘दो अनजाने’, और ‘सिलसिला’ समेत कुल 11 फिल्मों में साथ काम किया। इन फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया। फिल्मों में काम करने के दौरान अमिताभ और रेखा के अफेयर की चर्चा जोरों पर थी। हालांकि दोनों ने कभी इस बात की पुष्टि नहीं की। लेकिन अभिनेत्री अक्सर कई मौकों पर अमिताभ बच्चन की तारीफ करती नजर आईं।