शिवसेना नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में ठाणे क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे संतोष कनोजिया उर्फ टल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. संतोष कनोजिया की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हुई है. इसके साथ ही कनोजिया के साथ वारदात के दौरान हेलमेट पहने नजर आए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है.

पुलिस की इस कार्रवाई से अब हत्याकांड के पीछे की वजह, हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता चलने की उम्मीद है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संतोष कनोजिया को इस मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है. हालांकि, हत्या के पीछे का वास्तविक मकसद और साजिश की पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष मेहिलाल कनोजिया उर्फ टल्ली के रूप में हुई है. वो लॉन्ड्री का काम करता है. वह दुर्गा नगर, कापूरबावडी, ठाणे में रहता है. उसका मूल निवास गहनी गांव जिला वाराणसी है. वहीं दूसरा आरोपी अमित जयकिशन सिंह उर्फ पपलू है, जो ऑटो रिक्शा चालक है और ठाणे जिले के मीरा भयंदर इलाके में रहता है. वो मूल रूप से बाबियाव गांव जिला वाराणसी का रहने वाला है.

हत्या के बाद प्रयागराज भागे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के फौरन बाद आरोपी रायगढ़ जिले की तरफ भागे. इसके बाद वो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज पहुंचे. पुलिस ने बताया कि तोष मेहिलाल कनोजिया और अमित जयकिशन सिंह को उत्तर प्रदेश में एक विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया.

इससे पहले 3 लोग हुए थे गिरफ्तार

इससे पहले ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम ने सुभाष उर्फ पप्प्या शिंदे, निखिल यादव और नितेश पवार को गिरफ्तार किया था. वहीं अब संतोष मेहिलाल कनोजिया और अमित जयकिशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों के आपसी संबंध, वारदात की योजना और संभावित साजिश की कड़ियों को जोड़ने की दिशा में जांच आगे बढ़ा सकती है. साथ ही वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और आरोपियों को मदद पहुंचाने वाले लोगों की भी जांच महत्वपूर्ण होगी.

29 सितंबर को हुई थी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या

शिवसेना के ठाणे स्थित विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की 29 सितंबर 2026 को हत्या की गई थी. पुलिस के अनुसार, उन पर गोली चलाने के साथ धारदार हथियार से भी हमला किया गया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस मामले में ठाणे पुलिस पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. संतोष कनोजिया और अमित सिंह की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है.

पुलिस की जांच में संतोष कनोजिया और सुभाष उर्फ पप्या शिंदे पर कथित तौर पर हत्या की साजिश रचने और वारदात के लिए हथियारों तथा अन्य इंतजाम करने का संदेह जताया गया है.