भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए जून 2026 शानदार महीना साबित हुआ. इस दौरान देश में पैसेंजर व्हीकल कार, SUV और वैन की बिक्री में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली. पिछले साल जून के मुकाबले इस साल बिक्री में 34.19% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई. जून 2026 में कुल 1,56,014 वाहन बिके, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 1,16,267 यूनिट था.

अगर सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों और SUV की बात करें, तो Tata Punch ने एक बार फिर बाजी मार ली. जून 2026 में इसकी 21,006 यूनिट बिकीं और यह भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार और SUV बन गई. खास बात यह है कि Punch की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 101% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, जो इसे इस सूची का सबसे बड़ा स्टार बनाती है.
दूसरे नंबर पर रही Tata Nexon
दूसरे स्थान पर Tata Nexon रही. पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक सभी वर्जन को मिलाकर Nexon की 18,335 यूनिट बिकीं. इसकी बिक्री में भी सालाना आधार पर 58% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. तीसरे नंबर पर Mahindra Scorpio रही. कंपनी ने जून 2026 में 14,097 यूनिट Scorpio की बिक्री की. आने वाले महीनों में Scorpio Classic और Scorpio N के फेसलिफ्ट मॉडल भी लॉन्च होने की उम्मीद है.
Fronx का शानदार प्रदर्शन
Maruti Suzuki Fronx ने भी शानदार प्रदर्शन किया. जून में इसकी 13,135 यूनिट बिकीं और यह चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV रही. कंपनी जल्द ही इसका फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर सकती है, जिसमें ADAS सेफ्टी फीचर और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है.
5वें स्थान पर Hyundai Venue रही, जिसकी 10,776 यूनिट बिकीं. वहीं Mahindra XUV 3XO ने 10,063 यूनिट की बिक्री के साथ छठा स्थान हासिल किया. 7वें नंबर पर Maruti Suzuki Grand Vitara रही. कंपनी ने जून में इसकी 10,035 यूनिट बेचीं. वहीं Maruti Brezza 9,939 यूनिट की बिक्री के साथ आठवें स्थान पर रही. कंपनी 23 जुलाई को नई 2026 Brezza फेसलिफ्ट लॉन्च करने जा रही है, जिसमें पहली बार 1.0लीटर टर्बो पेट्रोल Boosterjet इंजन मिलने की संभावना है.
Seltos का जलवा बरकरार
Kia Seltos ने 9,654 यूनिट की बिक्री के साथ 9वां स्थान हासिल किया, जबकि Mahindra XUV 7XO 9,244 यूनिट की बिक्री के साथ दसवें स्थान पर रही. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन दोनों SUV में साल 2027 तक हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी मिल सकता है. जून 2026 के आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ग्राहकों के बीच SUV की मांग लगातार बढ़ रही है. खासकर Tata, Mahindra और Maruti Suzuki की SUV को ग्राहकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. आने वाले महीनों में कई नए फेसलिफ्ट और हाइब्रिड मॉडल लॉन्च होने वाले हैं, जिससे इस सेगमेंट में मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है.



