West Bengal Crime News: पश्चिम बंगाल के बर्धमान नर्सिंगहोम में ऑपरेशन के बाद चार वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में आरोपी कथित फर्जी डॉक्टर शेख सायेदुल हक को बर्धमान थाना पुलिस ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार किया. बुधवार को आरोपी को बर्धमान जिला अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए 10 दिनों की हिरासत की मांग की.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए सायेदुल ने अपना हुलिया बदलने की कोशिश की थी. लंबे समय से मूंछ और दाढ़ी रखने वाले सायेदुल ने गिरफ्तारी के समय उन्हें कटवा लिया था. हालांकि, हुलिया बदलने के बावजूद वह पुलिस की नजर से बच नहीं सका.

ऑपरेशन की जिम्मेदारी सायेदुल पर थी

पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को बर्धमान के एक नर्सिंगहोम में ऑपरेशन के बाद चार वर्षीय अर्ण्य राय की मौत हो गई थी. ऑपरेशन की जिम्मेदारी सायेदुल पर थी. बच्चे की मौत के बाद उसकी डॉक्टर की योग्यता और दस्तावेजों को लेकर सवाल उठे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जांच में कथित तौर पर उसकी शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सकीय दस्तावेजों में कई विसंगतियां सामने आईं.

घटना के बाद से सायेदुल फरार था. 15 सितंबर को वेस्ट बंगाल मेडिकल काउंसिल ने सायेदुल समेत पांच लोगों का चिकित्सकीय पंजीकरण रद्द कर दिया था. इसके बाद 23 सितंबर को उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया.

सायेदुल दुबई में छिपा हुआ था

जांचकर्ताओं का दावा है कि सायेदुल दुबई में छिपा हुआ था और करीब 28 दिन वहां रहने के बाद अपनी पत्नी ओलिविया खातून के साथ दोबारा दुबई जाने की योजना के तहत भारत लौटा था. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और बाद में बर्धमान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस का आरोप है कि सायेदुल ने बिहार से चिकित्सा शिक्षा की कथित फर्जी प्रमाणपत्र हासिल किए थे और प्रभावशाली लोगों के माध्यम से कथित फर्जी डॉक्टर रजिस्ट्रेशन नंबर लेकर इलाज के नाम पर काम कर रहा था. जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि फर्जी दस्तावेज और पंजीकरण संख्या कैसे तैयार की गई और इस पूरे मामले में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं.

आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद मृत बच्चे अर्ण्य राय की मां शिल्पा राय भावुक हो गईं. उन्होंने पुलिस के प्रति आभार जताते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अर्ण्य के परिवार ने राहत की बात कही है.

बर्धमान में संतोष कुमार मंडल की रिपोर्ट