Surendranagar News: गुजरात के सुरेंद्रनगर में महिला को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति और उसके रिश्तेदारों ने महिला को जंजीरों से बांधकर रखा. बाद में उसे पकड़कर पेड़ से बांधा गया और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर उसके साथ गैंगरेप किया गया. आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इन वीडियो में एक महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और बदसलूकी करते हुए देखा गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. पुलिस ने वीडियो के आधार पर उसमें दिखाई दे रहे लोगों और घटना की जगह की पहचान करने की कोशिश की. जांच आगे बढ़ी तो महिला को बंधक बनाने और उसके साथ यौन हिंसा किए जाने की पूरी कहानी सामने आई.

ये भी पढे़ं

पति से अलग रह रही थी महिला

जांच के मुताबिक, पीड़िता अपने पति से अलग होकर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ रह रही थी. आरोप है कि महिला के पति और उसके कुछ रिश्तेदार इस बात से नाराज थे. इसी के बाद महिला को पकड़कर एक मकान में बंद कर दिया गया. आरोप है कि महिला को जंजीरों से बांधकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई. महिला किसी तरह वहां से निकलने में सफल हो गई, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे दोबारा पकड़ लिया. इसके बाद महिला को रस्सियों से बांधकर एक पेड़ के पास ले जाया गया. वहां उसके साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया.

‘शुद्धिकरण’ के नाम पर की गई दरिंदगी

पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा महिला के खिलाफ ‘शुद्धिकरण’ की बात सामने आई है. बताया जा रहा कि महिला के दूसरे व्यक्ति के साथ रहने को लेकर आरोपी उसे सजा देना चाहते थे. इसी के नाम पर महिला को प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि पहले उसके साथ बर्बर तरीके से मारपीट की गई और फिर कई लोगों ने ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर उसके साथ गैंगरेप किया. जांच में यह भी सामने आया है कि जिस व्यक्ति के साथ महिला रह रही थी, उसे भी पकड़कर इस पूरी घटना का हिस्सा बनाया गया.

आरोपियों ने बनाया वीडियो

इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया. पुलिस के मुताबिक, वीडियो को जानबूझकर रिकॉर्ड किया गया था. इसका मकसद दूसरे लोगों को डराना और इस तरह की ‘सजा’ के बारे में चेतावनी देना था. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली. पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच का आधार बनाया और उसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान शुरू की.

पीड़िता खुद पुलिस के पास नहीं पहुंची थी

सुरेंद्रनगर के SP प्रेमसुख डेलू के मुताबिक, पीड़िता ने शुरुआत में पुलिस से संपर्क नहीं किया था. पुलिस को स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने महिला का पता लगाया और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. महिला का बयान दर्ज किया गया. उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की.

मामले की जांच ASP वेदिका बियानी और स्थानीय पुलिस टीमों की निगरानी में की गई. पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान के साथसाथ घटना की जगह और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की.

9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया

पुलिस ने मामले में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें महिला का पति और उसके सहयोगी भी शामिल हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो किसने बनाया, इसे सोशल मीडिया पर किसने अपलोड किया और इसे वायरल करने में कौनकौन लोग शामिल थे.