UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर  मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज 7 जुलाई मंगलवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज मौसम विभाग ने 55 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। जबकि कई इलाकों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गुरुवार से पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और सप्ताहभर अच्छी बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से मिला मानसून को बल

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब ज्यादा सक्रिय हो गया है। इसके चलते प्रदेश में नमी बढ़ेगी और मानसूनी हवाओं को मजबूती मिलेगी। यही वजह है कि मंगलवार से बारिश का दायरा तेजी से बढ़ेगा। कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरजचमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं बुंदेलखंड और पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में भी अच्छी बारिश के आसार हैं।

इन प्रमुख जिलों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है जिसमें प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, झांसी, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, अलीगढ़, गाजियाबाद, नोएडा, लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।

तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट संभव

लगातार बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार से दिन और रात दोनों के तापमान में और कमी आने की संभावना है। प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

मिर्जापुर और हमीरपुर में सबसे ज्यादा बारिश

सोमवार को मानसून ने कई जिलों में जोरदार दस्तक दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मिर्जापुर में 120 मिमी बारिश हुई, तो हमीरपुर में 120 मिमी बारिश, लखीमपुर खीरी में 104 मिमी बारिश, औरैया में 68.8 मिमी बारिश, लखनऊ में 24 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार और बुधवार को बारिश की तीव्रता में और इजाफा हो सकता है।

ये भी पढ़ें:

लोगों के लिए सलाह

भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, वहां यात्रा करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। 

ये भी पढ़ें: