
Samastipur News: बिहार मेंं समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. करीब चार साल पहले लापता हुआ एक युवक अचानक जिंदा वापस लौट आया. युवक के लापता होने के बाद परिजनों ने उसके अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अब उसी युवक के जिंदा मिलने से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, लालपुर निवासी मदन यादव ने अपने करीब 20 वर्षीय पुत्र रविशंकर के गायब होने को लेकर रोसड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में तीन लोगों पर रविशंकर के अपहरण कर हत्या कर देने की आशंका जताई गई थी. मामला रोसड़ा थाना कांड संख्या 259/22 से जुड़ा बताया जा रहा है. रविशंकर मूक-बधिर है और लोगों से बोलकर बातचीत नहीं कर सकता। वह इशारों के जरिए अपनी बात समझाता है.
तीन लोगों की हुई थी गिरफ्तारी
मामले में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. आरोपी पक्ष का दावा है कि उन्हें इस मामले में कई वर्षों तक जेल की सजा भुगतनी पड़ी. इसी बीच आरोपी पक्ष के लोग लगातार रविशंकर की तलाश में जुटे रहे. हाल ही में उन्हें सूचना मिली कि रविशंकर नोएडा में रह रहा है. इसके बाद आरोपी पक्ष के लोग नोएडा पहुंचे और वहां से रविशंकर को सकुशल बरामद कर रविवार को रोसड़ा थाना परिसर लेकर पहुंचे.
रविशंकर के थाना पहुंचते ही वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जिसे परिवार और पुलिस लंबे समय से मृत मानकर तलाश कर रही थी, उसके जिंदा मिलने की खबर सुनकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए. थाना परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं.
अपहरण के बाद हत्या का लगा था आरोप
वहीं, रविशंकर को लेकर पहुंचे आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस से न्याय की मांग की. उनका कहना था कि बिना ठोस जांच के उन पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया गया, जिसके कारण उन्हें जेल जाना पड़ा. उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की. इस दौरान थाना परिसर में हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. बाद में पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया.
आरोपी पक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे. इधर, रोसड़ा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है. युवक का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान कराया जाएगा. इसके बाद विधि सम्मत तरीके से अनुसंधान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



