Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में शादी टूटने के बाद एक युवती की मौत का मामला सामने आया है. पुंदाग ओपी क्षेत्र की रहने वाली विजयश्री बेंगलुरु की एक कॉरपोरेट कंपनी में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करती थी. उसकी शादी अंजन चौधरी नाम के युवक से तय हुई थी. दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे और सगाई के बाद शादी के लिए बैंक्विट हॉल भी बुक कर लिया गया था. इसी बीच 17 सितंबर को अंजन चौधरी ने फोन पर शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद युवती तनाव में आ गई और 19 सितंबर को उसकी मौत हो गई.

सगाई के बाद शादी की तैयारियां शुरू हो गई थीं
परिजनों के मुताबिक, विजयश्री और अंजन चौधरी की शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी. रिश्ता तय होने के बाद दोनों की सगाई भी हो चुकी थी. शादी की तारीख और तैयारियों को लेकर परिवार आगे बढ़ रहा था. बताया गया कि शादी के लिए बैंक्विट हॉल भी बुक कर लिया गया था. परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही दोनों की शादी हो जाएगी.
17 सितंबर को युवक ने शादी से किया इनकार
मृतका के परिजनों का कहना है कि 17 सितंबर को अंजन चौधरी ने फोन कर विजयश्री से शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद विजयश्री और उसके परिवार के लोगों ने अंजन से बातचीत कर रिश्ता बचाने की कोशिश की. परिजनों के मुताबिक, उन्होंने कई बार युवक को समझाने और शादी के लिए राजी करने का प्रयास किया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ.
शादी टूटने के बाद विजयश्री काफी तनाव में रहने लगी थी. परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के बीच वह 18 सितंबर को बेंगलुरु से फ्लाइट लेकर रांची स्थित अपने घर पहुंची. घर आने के बाद भी उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिवार के लोग लगातार उसे समझाने और संभालने की कोशिश कर रहे थे.
छोटी बहन ने फोन किया, नहीं उठाया
19 सितंबर को विजयश्री की छोटी बहन भाग्यश्री ने उसे फोन किया. काफी देर तक फोन नहीं उठने पर उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई. उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर बड़ी बहन के फोन नहीं उठाने की जानकारी दी और घर जाकर देखने को कहा. इसके बाद पिता आननफानन में घर पहुंचे. वहां उन्होंने विजयश्री को अचेत अवस्था में पाया. परिवार के लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता ने मंगेतर समेत 4 लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
बेटी की मौत के बाद विजयश्री के पिता ने पुंदाग ओपी में शिकायत दर्ज कराई. इसमें उन्होंने अंजन चौधरी, उसके पिता ललन प्रसाद चौधरी, मां रीता चौधरी और एक अन्य व्यक्ति को नामजद किया है. पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया गया और दहेज की मांग की गई. उनका आरोप है कि अचानक शादी से इनकार किए जाने के कारण विजयश्री मानसिक दबाव में आ गई और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुंदाग ओपी में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब युवती की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत के पीछे वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं?



