जयपुर में न्यू सांगानेर रोड से सोडाला तक की दुकानों को हाईकोर्ट ने अतिक्रमण माना है. JDA ने दुकानदारों को तोड़फोड़ का नोटिस भी थमा दिया है. दहशत में आए दुकानदारों ने 30-60% तक की भारी सेल लगा दी है.

जयपुर में बुलडोजर का खौफ, दुकानों पर लगी 60% छूट तक की सेल, उमड़ी भीड़

वैसे तो दुकानों पर त्योहारी सीजन में सेल लगता ही है, लेकिन राजधानी जयपुर के न्यू सांगानेर रोड से सोडाला की दुकानें तो फीक्स रेट की है. त्योहारों से पहले इन दुकानों पर 30 से 60 प्रतिशत तक की सेल देखकर हर कोई हैरान है. खरीदारी के लिए यहां लोग भी खूब उमड़ रहे हैं. लोगों की इस भीड़ के बावजूद कारोबारियों के चेहरे पर खुशी के बजाय चिंता ज्यादा नजर आ रही है.

दरअसल जयपुर के न्यू सांगानेर रोड से सोडाला तक 260 दुकानों को हाईकोर्ट ने अतिक्रमण माना है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर जेडीए ने इन सभी दुकानों को तोड़ने का नोटिस देने के साथ ही डिमार्केशन कर दिया है. इसके बाद से ही यहां कारोबारी दहशत में हैं. कारोबारियों के मुताबिक आगामी त्योहारों को देखते हुए दुकान में लाखों लाखों रुपए का माल स्टॉक किया था, उम्मीद थी कि त्योहारी सीजन में अच्छी कमाई हो जाएगी. लेकिन जेडीए की इस नोटिस से अरमानों पर पानी फिर गया है.

लागत निकालने में जुटे कारोबारी

कारोबारियों के मुताबिक ऐसे हालात में मुनाफा तो दूर, पूरा माल तहस नहस होने का डर सताने लगा है. ऐसे में लागत निकालने की गरज से दुकानों में तीस से साठ प्रतिशत तक का सेल लगाया गया है. फिक्स रेट की इन दुकानों के बाहर सेल का बोर्ड देखकर बड़ी संख्या में ग्राहक भी उमड़ पड़े हैं. कपड़े की दुकान के मलिक सोनू कुमार ने बताया कि वह हमेशा फिक्स रेट पर माल बेचते थे. लेकिन इस बार लागत निकल जाए, वही बहुत है.

दुकानों में जमा है लाखों का स्टॉक

सोनू कुमार के मुताबिक दीपावली से ठीक पहले लाखों रुपए का माल स्टॉक कर लिया था. इसी दौरान जेडीए का नोटिस मिला तो चिंता बढ़ गईं कि इस लाखों रुपए के माल को कैसे बेचेंगे. इसीलिए सालों से चल रहे फिक्स रेट का नियम तोड़ा गया और 30% की सेल लगाकर लाखों का माल बेचना शुरू कर दिया है. एक अन्य दुकान के मालिक ने बताया कि हर साल त्योहार से पहले लाखों रुपए का माल खरीदते हैं और त्योहारी सीजन में यह माल बिक भी जाता था. लेकिन इस बार 30% की सेल लगाने के बावजूद भी पूरा माल नहीं बिक पा रहा.

कांग्रेस ने जताया विरोध

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जेडीए की नोटिस का विरोध किया. कहा कि जनता को भी खुलकर विरोध करना चाहिए. उनके दुकान और मकान अवैध बता कर तोड़ा जा रही है. इसके लिए उन्हें कोई मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है. बावजूद इसके सरकार के खिलाफ कोई बोलने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि वह खुद जनता की आवाज उठाएंगे.