
पटना : एक बार फिर से बिहार में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिलेगा. आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन बिहार से ही बना. SIR की शुरुआत बिहार से ही हुई है और बिहार ही लोकतंत्र की जननी है. ऐसे में बिहार में हल्ला बोल होगा.
”इन लोगों ने बिहार से ही लोकतंत्र को खत्म करने की शुरुआत की. हम बिहार के नागरिक होने के नाते लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं और किसी भी कीमत पर लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे. इसलिए इंडिया गठबंधन के हम सभी साथी एकजुट हुए हैं और आगे का कार्यक्रम तय किया है.”- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग साझा रूप से सड़क पर उतरेंगे. 7 तारीख को इंडिया गठबंधन के सभी लोग हर प्रखंड में ज्ञानेश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ आक्रोश मार्च में शामिल होंगे. 8 तारीख को बिहार के सभी जिला मुख्यालय पर हमारे महागठबंधन के साथी धरना देंगे और इसके साथ ही साथ पटना में हम सभी गवर्नर हाउस तक मार्च करेंगे.
”पटना में मैं खुद रहूंगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। विधायक, एमएलसी और सांसद भी मौजूद रहेंगे. जिस प्रकार से वोट की लूट हुई है इसके खिलाफ हल्ला बोलेंगे. यह लोकतंत्र की हत्या की गई है. जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”- तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा
इंडिया गठबंधन की दिल्ली में बैठक
30 सितंबर को नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी. जिसमें तेजस्वी यादव भी शामिल हुए थे. जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की रणनीति पर चर्चा हुई थी. साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त रूप से आंदोलन चलाने पर सहमति बनी थी.
बिहार में महागठबंधन टूटा!
हालांकि बिहार में इंडिया गठबंधन यानी महागठबंधन बिखर चुका है. 8 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव में आरजेडी और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं. एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि सीपीआई ने भी अलग से प्रत्याशी उतारे हैं. हालांकि नेताओं का दावा है कि राष्ट्रीय स्तर पर हम साथ हैं.



