आने वाले कुछ हफ्तों में भारत में चार नई एसयूवी लॉन्च होने वाली हैं. 22 जून, 2026 से शुरू होने वाले एक महीने के अंदर, स्कोडा, टाटा मोटर्स, निसान और होंडा जैसी कंपनियां नई एसयूवी मॉडल लॉन्च करेंगी. चलिए आपको बताते हैं इन गाड़ियों में आपको क्या कुछ फीचर्स देखने को मिल सकते हैं.

स्कोडा कोडियाक आरएस

स्कोडा कोडियाक आरएस भारत में 22 जून, 2026 को लॉन्च होगी. यह एसयूवी का परफॉर्मेंसफोकस्ड वर्जन है, जिसमें 2.0 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन लगा है. यह इंजन 263 हॉर्सपावर और 400 एनएम टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है, जो स्टैंडर्ड कोडियाक के आउटपुट से लगभग 60 हॉर्सपावर और 80 एनएम अधिक है. यह मात्र 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 231 किमी प्रति घंटे होगी. इस तरह यह भारत में स्कोडा की सबसे तेज एसयूवी बन जाएगी.

RS वर्जन में ऑल व्हील ड्राइव तकनीक, वेंटिलेटेड और स्लॉटेड डिस्क ब्रेक और बड़े दोपिस्टन कैलिपर भी होंगे. वैश्विक बाजारों में, RS वर्जन डायनामिक चेसिस कंट्रोल के साथ उपलब्ध है. यह स्पष्ट नहीं है कि इसे भारतीय बाजार में लाया जाएगा या नहीं.डिजाइन की बात करें तो, कोडियाक आरएस में रेगुलर एसयूवी की तुलना में अधिक ब्लैक ट्रिम्स होंगे. इसमें 20 इंच के व्हील होंगे. इसका ओवरऑल स्टाइल काफी स्पोर्टी होगा. केबिन में ब्लैक थीम होगी.

टाटा सिएरा ईवी

30 जून को सिएरा.ईवी लॉन्च करेगी. इसे देश में कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. इलेक्ट्रिक वर्जन में इंटरनल कंबशन इंजन वाले वर्जन की तरह ही ऊंची और दमदार बनावट होगी. फ्लशटाइप डोर हैंडल, क्लैमशेल स्टाइल टेलगेट और पैनोरमिक रियर ग्लास जैसे सिग्नेचर स्टाइलिंग एलिमेंट्स बरकरार रहेंगे. हालांकि, इस ईवी में एयरोऑप्टिमाइज्ड व्हील्स, क्लोज्डऑफ फ्रंट ग्रिल, नए बंपर और कई अन्य खास डिजाइन डिटेल्स होंगे.

Sierra.EV Acti.EV+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी. यही प्लेटफॉर्म Harrier.EV का भी आधार है. Tata Motors ने बैटरी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. संभावना है कि इसमें 55kWh और 65kWh की बैटरी होंगी. यह EV सिंगलमोटर और डुअलमोटर कॉन्फ़िगरेशन के विकल्प में भी उपलब्ध होगी.

निसान टेक्टन

9 जुलाई, 2026 को भारत में टेक्टन मिडसाइज़ एसयूवी लॉन्च करेगी. यह रेनॉल्ट डस्टर का ब्रांडेड वेरिएंट होगा.हालांकि, टेक्टन की अपनी अलग डिज़ाइन होगी. इसके फीचर्स रेनॉल्ट डस्टर के समान होने की संभावना है. टेक्टन आरजीएमपी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसमें नई डस्टर के समान इंजन ऑप्शन होंगे 1.0 लीटर टर्बोपेट्रोल, 1.3 लीटर टर्बोपेट्रोल और 1.8 लीटर हाइब्रिड. मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन उपलब्ध होने की संभावना है.

होंडा ZRV

होंडा ZRV ने मई में भारत में डेब्यू किया. इस SUV की प्रीबुकिंग फिलहाल शुरू हो चुकी है और इसकी कीमत की घोषणा जुलाई में होने की उम्मीद है। डिलीवरी भी उसी समय शुरू हो जाएगी. ZRV को पूरी तरह से निर्मित यूनिट के रूप में आयात किया जाएगा, इसलिए इसकी कीमत भारत में थोड़ी अधिक हो सकती है.

ZRV में 2.0 लीटर का 4सिलेंडर वाला शक्तिशाली हाइब्रिड पेट्रोल इंजन लगा है जो लगभग 181 हॉर्सपावर और 315 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. इस इंजन सेटअप में पेट्रोल इंजन और दो इलेक्ट्रिक मोटर शामिल हैं, जो ईसीवीटी ट्रांसमिशन से जुड़े हैं. कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी 8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी अधिकतम गति 172 किमी/घंटा है. इसके अलावा, कंपनी का दावा है कि इसकी माइलेज 22.79 किमी/लीटर है.