Petrol Diesel Price Hike: देश की सबसे बड़ी निजी फ्यूल रिटेल कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है।

कंपनी के आउटलेट्स पर पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा हुआ है। नई दरें 3 अक्टूबर से देशभर में नायरा के 7,108 फ्यूल स्टेशनों पर लागू हो गई हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ने से निजी फ्यूल रिटेल कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। इसी अंतर को कम करने के लिए नायरा ने खुदरा कीमतों में बदलाव किया है।

हालांकि, सरकारी क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने इस समय नायरा की तरह कीमतों में यह बढ़ोतरी नहीं की है। इससे नायरा और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कुछ आउटलेट्स के बीच पेट्रोलडीजल के दाम में अंतर बढ़ सकता है।

छह महीने पहले मार्च में भी बढ़ाए थे दाम

यह इस साल नायरा की पहली बड़ी कीमत बढ़ोतरी नहीं है। कंपनी ने 26 मार्च 2026 को भी पेट्रोल में ₹5 और डीजल में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।

उस समय वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान और अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेजी को इसकी वजह बताया गया था।

बाद में वैश्विक बाजार में कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा ने जुलाई में उस बढ़ोतरी को वापस ले लिया था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में लागत बढ़ने के बीच कंपनी ने एक बार फिर उसी अनुपात में दाम बढ़ाए हैं।

देशभर के 7,108 पेट्रोल पंपों पर असर

नायरा एनर्जी का देशभर में 7,108 फ्यूल स्टेशनों का नेटवर्क है। मौजूदा बदलाव इन्हीं आउटलेट्स पर लागू किया गया है।

इसलिए वाहन चालकों को नायरा के पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने से पहले स्थानीय कीमत की जांच करना उपयोगी होगा, क्योंकि अंतिम पंप मूल्य में स्थानीय कर और दूसरे कारकों का भी असर हो सकता है।