मथुरा के वृंदावन में रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत के बाद प्रेमानंद महाराज के आश्रम पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. वहीं, अलगअलग राज्यों के युवाओं द्वारा प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली गई थी, जिसके बाद उनके परिजन भी वृंदावन पहुंचे थे. कई लोगों ने अपने बेटों से मिलने नहीं दिए जाने के साथ गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि आश्रम से उनका बेटा लापता है. ऐसा ही हाथरस के सादाबाद निवासी लापता अनुज चौधरी के परिजनों ने भी आरोप लगाया था. हालांकि उनको बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने अनुज को बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद किया है.

जानकारी के मुताबिक, संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम से जुड़े मामले में बरसाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हाथरस के सादाबाद से करीब 3 महीने से लापता 16 वर्षीय किशोर अनुज को बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद किया गया. परिजनों ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया हमें अपने बेटे से मिला दिया गया है. लेकिन कानूनी प्रक्रिया के चलते उसे पहले कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा. फिर उसके बाद हमें सौंप दिया जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, सादाबाद निवासी अनुज करीब तीन महीने पहले घर से लापता हो गया था. परिजनों को जानकारी मिली थी कि वो वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में रह रहा है और दीक्षा लेने के बाद घर वापस नहीं जाना चाहता. लंबे समय तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने आश्रम के बाहर धरना भी दिया था. धरने के बाद अनुज बरसाना पहुंच गया और राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम में रहने लगा.
अनुज के परिजन बरसाना पहुंचे
इसी दौरान बरसाना कस्बा चौकी प्रभारी गौरव तोमर को किशोर के आश्रम में होने की जानकारी मिली. पुलिस ने तत्काल अनुज से संपर्क किया और इसकी सूचना सादाबाद पुलिस तथा उसके परिजनों को दी. सूचना मिलने के बाद सादाबाद पुलिस और परिजन बरसाना पहुंचे. अभी कोर्ट में पेश कर अनुज को परिजनों को सौंपा जाएगा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तीन महीने बाद किशोर के सकुशल बरामद होने से परिजनों ने राहत की सांस ली. बरसाना पुलिस की तत्परता के बाद अब अनुज अपने परिवार के साथ है.
बताया जा रहा है कि अनुज चौधरी के लापता होने के बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे. मामले को लेकर परिवार में चिंता का माहौल था. परिजनों ने उसकी तलाश और पुलिस कार्रवाई को लेकर मंगलवार को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया था. धरने के दौरान परिजनों ने अनुज की सकुशल बरामदगी की मांग उठाई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द कार्रवाई और अनुज की तलाश का आश्वासन दिया था. पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था.



