Lucknow Bangladeshi National Arrested: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बांग्लादेशी युवक पकड़ा गया है, जोकि लखनऊ के बाजार खाला के भदेवा मोहल्ले में अवैध रूप से रह रहा था. बाजार खाला पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार बांग्लादेशी युवक का नाम सज्जाद हुसैन है. वो मूल रूप से बांग्लादेश के चटगांव का रहने वाला है.

पुलिस ने सज्जाद के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेज भी बरामद किए हैं. युवक का फर्जी पहचान पत्र बनाने वाला जन सेवा केंद्र संचालक भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. पुलिस ने 2 पासपोर्ट, मोबाइल फोन और कूटरचित दस्तावेज बनाने में उपयोग कंप्यूटर जब्त किया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस की जांच में पता चला है कि युवक का विजा खत्म हो चुका था. उसने पड़ोस में ही रहने वाले जन सेवा केंद्र के संचालक मोहम्मद तल्हा से जाली दस्तावेज बनवाए थे.

पब्जी खेलने के दौरान हुआ फरहीन से प्यार

जानकारी के अनुसार, साल 2023 में सज्जाद सऊदी अरब के रास्ते भारत आया. दरअसल, साल 2018 में ऑनलाइन पब्जी गेम खेलने के दौरान सज्जाद की दोस्ती लखनऊ की फरहीन नाज से हो गई. सज्जाद जूही इब्राहिम नाम की आईडी से पब्जी खेलता था. फरहीन और सज्जाद अक्सर बात करने लगे और दोनों में प्यार हो गया. सज्जाद 2023 में 18 अगस्त को लखनऊ आया.

फरहीन ने उसे अपनी बहन के घर ठहराया. इसके बाद 28 अगस्त 2023 को दोनों अयोध्या गए और वहां जाकर कोर्ट मैरिज कर ली. इसके बाद सज्जाद लखनऊ में ही पत्नी के साथ रहने लगा. आरोपी को लगा कि उसको फर्जी भारतीय दस्तावेज चाहिए. फिर उसने पड़ोसी मोहम्मद तल्हा की मां के खाते में 900 रुपये ऑनलाइन भेजे और 2000 नगद देकर फर्जी निवास और जन्म प्रमाण पत्र बनवाया.

कोटक महिंद्रा बैंक में अकाउंट खुलवाया

इनके जरिये आरोपी ने अन्य दस्तावेज भी बनवाए. इन दस्तावेजों की सहायता से आरोपी ने कोटक महिंद्रा बैंक में अकाउंट भी खुलवा लिया. सज्जाद का जो निवास प्रमाण पत्र बनवाया गया वो 10 अगस्त 2023 को बना, जबकि आरोपी पहली बार 18 अगस्त 2023 को भारत आया था. फिलहाल पुलिस फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों का पता लगा रही है.