Jabalpur Crime News: जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में रिश्तों को तारतार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या कराने के लिए तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को हायर किया और वारदात को सड़क हादसा दिखाने की नाकाम कोशिश की. हालांकि, पुलिस की सर्विलांस और तकनीकी जांच ने इस पूरे मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश कर दिया. घटना पाटन थाना क्षेत्र के नुनसर पुलिस चौकी के पास हटेपुर रानीताल रोड की है.

4 सितंबर की रात डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है. प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत का लग रहा था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ, मृतका कविता चौधरी 3 महीने की गर्भवती थी. यानी इस खूनी खेल में माँ के साथ उसके कोख में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई.
तकनीकी जांच ने खोला राज, 3 कॉन्ट्रैक्ट किलर गिरफ्तार
हादसे के पैटर्न पर संदेह होने पर पुलिस ने क्राइम और तकनीकी टीमों को जांच में लगाया. घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों के डंप डेटा और सर्विलांस की मदद से कुछ संदिग्ध नंबर सामने आए. पुलिस ने जब पाटन क्षेत्र के तीन युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो हत्या की पूरी पटकथा सामने आ गई. गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं, विक्रम अहिरवार , धनीराम उर्फ करिया और रामजी चौधरी . तीनों आरोपी पाटन के चौधरी मोहल्ला के रहने वाले हैं.
1 महीने पहले ली गई किराए की पिकअप
पुलिस जांच के अनुसार, मृतका का पति प्रयास पांडे इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड है. प्रयास ने अपनी दुकान में काम करने वाले साथी मानसिंह लोधी के साथ मिलकर हत्या की स्क्रिप्ट तैयार की थी. साजिश को हादसा दिखाने के लिए वारदात से करीब एक महीने पहले आरोपी विक्रम अहिरवार के नाम से एक पिकअप वाहन किराए पर लिया गया, ताकि अचानक वाहन लेने पर पुलिस को शक न हो.
3 सितंबर को प्रयास और मानसिंह ने पाटन कचहरी के पास तीनों शूटरों को बुलाया. प्रयास ने पत्नी की लाल रंग की स्कूटी का नंबर और उसकी फोटो मोबाइल में दिखाकर पहचान कराई. 4 सितंबर की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच प्रयास ने कविता को किसी काम के बहाने उसी रास्ते पर भेजा. योजना के मुताबिक, हटेपुर गांव के पास पिकअप लेकर घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने कविता की स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी और वाहन उसके सिर पर चढ़ाकर मौके से फरार हो गए.
हत्या के बदले मिले 6070 हजार रुपये
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि आरोपियों को सुपारी की रकम एक साथ नहीं दी गई थी. अब तक की जांच में आरोपियों को 60,000 से 70,000 रुपये का भुगतान किया जाना पाया गया है. इसमें 15 हजार और 22 हजार की दो किश्तें तथा 55 हजार रुपये के कई छोटे भुगतान शामिल हैं.
लव मैरिज से 1.15 करोड़ के बीमा क्लेम तक: हत्या की संभावित वजहें
पुलिस जांच में पतिपत्नी के पारिवारिक बैकग्राउंड और आर्थिक पहलुओं को लेकर कई बड़े खुलासे हुए हैं. प्रयास पांडे और कविता चौधरी की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. 2022 से 2024 तक बातचीत के बाद दोनों ने साल 2024 में कोर्ट मैरिज कर ली और भेड़ाघाट के आमा हिनोता गांव में किराए के मकान में रहने लगे. प्रयास ब्राह्मण परिवार से था और कविता चौधरी समाज से. अंतरजातीय विवाह के कारण दोनों के परिवारों ने उनसे सारे रिश्ते खत्म कर लिए थे.
1.15 करोड़ से अधिक का इंश्योरेंस क्लेम
हत्या का सबसे बड़ा संभावित मोटिव इंश्योरेंस की भारीभरकम राशि माना जा रहा है. मृतका कविता के नाम पर टाटा एआईए का लगभग 25 लाख रुपये का इंश्योरेंस है. इसके अलावा एलआईसी में 90 लाख रुपये की पॉलिसी की जानकारी मिली है. मृतका के नाम पर हेल्थ इंश्योरेंस और कुछ अन्य पॉलिसियां भी पाई गई हैं. पुलिस अब बीमा कंपनियों से पत्राचार कर यह पता लगा रही है कि इन पॉलिसियों में नॉमिनी कौन है और सड़क हादसे की स्थिति में क्लेम की कुल राशि कितनी बनती है.
मुख्य आरोपी पति और साथी अब भी फरार
मामले में शामिल तीन शूटरों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया है और आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है. हालांकि, मुख्य साजिशकर्ता पति प्रयास पांडे और उसका साथी मानसिंह लोधी घटना के बाद से ही फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए नुनसर पुलिस चौकी और पाटन थाना पुलिस की दो विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद साजिश के बाकी बचे पर्दों से भी पर्दा उठ जाएगा.
जांच के दौरान ये बात भी सामने आई है कि जब दोनों का अफेयर चला, तब भी कविता गर्भवती हो गई थी. लेकिन बाद में कविता का अबॉर्शन कराया गया था. तभी प्रयास ने परिवार के खिलाफ जाकर 2024 में कविता से लव मैरिज की थी. जांच में ये भी सामने आया है कि प्रयास पांडे ने कानून की पढ़ाई की है. वो नोटरी का काम करता था. इसलिए कानूनी दांवपेंच सारे जानता था.



