समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी पर एक साथ कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा. राज्यसभा चुनाव में सपा के तीसरे प्रत्याशी से लेकर यूपी की कानूनव्यवस्था, साधुओं की हत्या और आपातकाल जैसे मुद्दों पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा. राज्यसभा के तीसरे प्रत्याशी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि पहले नंबर पूरे किए जाएंगे, उसके बाद प्रत्याशी का ऐलान होगा.

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस एक्सरसाइज में समय लगता है और विधायकों से बातचीत करनी पड़ती है. अखिलेश ने कहा कि कुछ लोग वापस आना चाहते हैं और कुछ जगहों पर असंतोष है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के कई लोग सपा के संपर्क में हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एडजस्ट करने में समय लगेगा और वह किसी से ऐसा वादा नहीं करना चाहते जिसे बाद में पूरा न कर पाएं.

एक कचौड़ी, दो समोसा… बीजेपी पर भरोसा नहीं

राज्यसभा चुनाव के गणित पर सवाल के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पहले संख्या पूरी करनी होगी. अखिलेश ने बीजेपी पर तंस कसते हुए कहा कि एक कचौड़ी, दो समोसा… बीजेपी पर नहीं भरोसा. शाहजहांपुर और एटा में साधुओं की हत्या को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें हत्या के कारण की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्होंने सरकार पर साधुओं को सम्मान नहीं मिलने का आरोप लगाया.

शाहजहांपुर के खुदागंज इलाके में गुरुवार को दो साधुओं की हत्या का मामला सामने आया है. दोनों के शव मंदिर परिसर में जले हुए मिले. पुलिस मामले की जांच कर रही है और एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस घटना को कानूनव्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार पर हमला बोला और कहा कि मौजूदा दौर में सामाजिक तानाबाना खराब हो रहा है.

आज लोकतंत्र में आपातकाल जैसी स्थिति

अखिलेश यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के साथ बैठक की और उन्हें सम्मानित किया. अखिलेश ने कहा कि आज देश में बीजेपी की वजह से आपातकाल जैसी स्थिति है. अखिलेश ने भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिस दौर की स्थितियां आपातकाल में थीं, वैसा ही दौर आज भी दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि जिस काल में PDA पर अत्याचार होगा, वह आपातकाल का काल होगा.

लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन ₹51 हजार करने का वादा

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन बढ़ाकर 51 हजार रुपये करने की बात कही. साथ ही उन्होंने उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों के बराबर मान्यता देने की बात भी कही. अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को सम्मान मिलना चाहिए और सरकार को उनके साथ न्याय करना चाहिए. यूपी पुलिस को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं.

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यूपी में पुलिस बीजेपी कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है. अखिलेश ने कहा कि पुलिस पर लोगों का भरोसा कायम होना जरूरी है और पुलिस में सुधार तभी होगा जब बीजेपी सत्ता से हटेगी.