उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में बीते 42 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. इस बारिश की वजह से जगह जगह जलभराव की स्थिति बन गई है. वहीं कई जगह पेड़ और मकान गिरने की भी घटनाएं हुई है. लखनऊ के केकेसी के पास सड़क पर खड़ी एक चार पहिया गाड़ी पर पेड़ गिरा है. गनीमत रही कि उस समय गाड़ी में कोई नहीं था. इससे बड़ी दुर्घटना टल गई है.

इधर, लगातार बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव तो है ही, कई इलाकों में लोगों के घरों तक में बरसाती पानी घुस गया है. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुरनिया इलाके में इस बारिश की वजह से एक भारी भरकम पेड़ सड़क पर गिर गया. इसकी वजह से काफी देर तक यातायात प्रभावित हुआ. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस नगर निगम की मदद से पेड़ को रास्ते से हटाकर ट्रैफिक चालू कराया.

धंसी सड़कें, बढ़ा खतरा

बारिश और जलभराव के बीच कई इलाकों में सड़कें टूटने और धंसने की खबरें आई हैं. ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों से लेकर रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है. यह दिक्कत उस समय और बढ़ जाती है, जब जलभराव वाले स्थान पर टूटी हुई सड़क नजर नहीं आती. लखनऊ के अमीनाबाद में सड़क धंसने की वजह से हादसे का खतरा बढ़ गया है. कई लोग और वाहन यहां गड़ढे में फंस भी चुके हैं.

डीएम ने की स्कूलों में छुट्टी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए लखनऊ के डीएम ने कक्षा 12 तक के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उच्च शिक्षा, तकनीकी संस्थानों, प्रोफेशनल कॉलेजों, पॉलीटेक्निक और आईटीआई समेत अन्य संस्थानों में भी अवकाश रखने का आदेश जारी किया गया है.

35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यूपी के 35 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी तूफान की भी आशंका है. वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक लगातार बारिश की वजह से तापमान में भारी गिरावट आई है. सितंबर में पहली बार शुक्रवार को सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है.

इन जिलों में भी अलर्ट

राजधानी लखनऊ के अलावा बाराबंकी, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी बारिश का अलर्ट है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं में भारी बारिश हो सकती है. यह स्थिति रविवार तक रह सकती है. उम्मीद है कि सोमवार से मौसम में सुधार होगा.