BJP Arun Singh Statement Convention In Agra: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल आज राम मंदिर को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वही लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न लगाते थे और कारसेवकों पर गोलियां चलवाने का काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े इस विषय पर राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और जनता सब कुछ देख रही है।

भाजपा जिला इकाई कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
अरुण सिंह ने जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा जिला इकाई द्वारा आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की।
सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में अरुण सिंह ने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के आरोपों पर कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रकरण की एसआईजी जांच चल रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं और अयोध्या का भव्य राम मंदिर वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। ऐसे में इस विषय को राजनीतिक हथियार बनाना उचित नहीं है।
केंद्र सरकार द्वारा डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने का प्रयास
अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन और अखंड भारत के संकल्प को समर्पित रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. मुखर्जी की जम्मूकश्मीर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की तत्कालीन सरकार ने निष्पक्ष जांच तक नहीं कराई। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घरघर तक पहुंचाने का आह्वान
प्रशांत पौनिया ने कहा कि स्मरण पखवाड़ा के दौरान जिले के सभी मंडलों और बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के विचारों को जनजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घरघर तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने भी बूथ सशक्तिकरण और सदस्य संपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधायक छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, अध्यक्ष प्रदीप भाटी, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन के बाद बदली तस्वीर, नाश्ते के पैकेटों पर मची होड़
भाजपा के अनुशासित संगठनात्मक सम्मेलन के समापन के तुरंत बाद महाजन भवन परिसर का माहौल अचानक बदल गया। कार्यकर्ताओं के लिए लाए गए नाश्ते के पैकेटों का वितरण शुरू होते ही उन्हें लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले पैकेट हासिल करने की होड़ में धक्कामुक्की शुरू हो गई, जो देखते ही देखते छीनाझपटी और मारामारी में बदल गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और बहस भी हुई। मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस सम्मेलन में जहां मंच से संगठन, अनुशासन और विचारधारा की बातें की गईं, वहीं समापन के बाद नाश्ते के पैकेटों को लेकर मची अफरातफरी चर्चा का विषय बन गई।



