केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग को लेकर सबसे बड़ा सवाल इसकी सिफारिशों और उनके लागू होने की तारीख को लेकर है. अगर आयोग की रिपोर्ट आने और नई सैलरी लागू होने में लंबा समय लगता है, तो कर्मचारियों को पिछली तारीख से बढ़ी हुई बेसिक सैलरी का एरियर मिल सकता है. हालांकि, एरियर की वास्तविक रकम फिटमेंट फैक्टर, संशोधित बेसिक पे और सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगी.

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब आ सकती है?

8वें वेतन आयोग को नवंबर 2025 में दिए गए टर्म्स ऑफ रेफरेंस के आधार पर रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. इस हिसाब से इसकी समयसीमा मई 2027 के आसपास बनती है. हालांकि, आयोग जरूरत पड़ने पर समय बढ़ाने की मांग कर सकता है. ET के मुताबिक रिपोर्ट मार्च से अगस्त 2027 के बीच आने की संभावना पर भी चर्चा है.

अगर नई सैलरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाती है और इसका भुगतान बाद में होता है, तो इस बीच के महीनों का वेतन अंतर एरियर के तौर पर दिया जा सकता है. लेकिन यह अभी अंतिम सरकारी फैसला नहीं है.

Level 6 के कर्मचारियों को कितना एरियर?

ET की गणना के मुताबिक Level 6 का मौजूदा न्यूनतम बेसिक पे ₹35,400 है. अगर फिटमेंट फैक्टर 2.15 माना जाए, तो संशोधित बेसिक ₹76,110 हो सकता है. ऐसे में 20 महीने का अनुमानित एरियर करीब ₹8.14 लाख और 24 महीने का करीब ₹9.77 लाख बैठता है. फिटमेंट फैक्टर 2.57 होने पर यही अनुमान 20 महीने के लिए करीब ₹11.12 लाख और 24 महीने के लिए करीब ₹13.34 लाख तक पहुंच सकता है.

Level 7 में ₹16.92 लाख तक का अनुमान

Level 7 के लिए मौजूदा बेसिक पे ₹44,900 लिया गया है. 2.15 के फिटमेंट फैक्टर पर 24 महीने का अनुमानित एरियर करीब ₹12.39 लाख है. वहीं 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर यह रकम करीब ₹16.92 लाख तक पहुंच सकती है. यानी फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, मौजूदा और संशोधित बेसिक पे के बीच का अंतर उतना ही बढ़ेगा और संभावित एरियर भी ज्यादा होगा.

Level 8 को मिल सकते हैं करीब ₹18 लाख

Level 8 के कर्मचारी के लिए मौजूदा बेसिक पे ₹47,600 माना गया है. 2.15 फिटमेंट फैक्टर पर संशोधित बेसिक ₹1,02,340 हो सकता है. इससे 20 महीने का अनुमानित एरियर ₹10.95 लाख और 24 महीने का करीब ₹13.14 लाख बनता है. वहीं 2.57 फिटमेंट फैक्टर पर संशोधित बेसिक करीब ₹1,22,332 होगा. इस स्थिति में 20 महीने का एरियर करीब ₹14.95 लाख और 24 महीने का करीब ₹17.94 लाख हो सकता है.

हर भत्ते पर नहीं मिलेगा एरियर

यह समझना जरूरी है कि एरियर की यह गणना मुख्य रूप से बेसिक पे में संभावित बढ़ोतरी पर आधारित है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। HRA बेसिक पे से जुड़ा है, इसलिए नई बेसिक सैलरी लागू होने पर इसमें बदलाव हो सकता है. वहीं DA की समीक्षा साल में दो बार होती है और ट्रांसपोर्ट अलाउंस भी DA से जुड़ा होता है. इसलिए हर भत्ते पर उसी तरह एरियर मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती.

ध्यान दें: ₹17.94 लाख जैसी रकम केवल अनुमानित गणना है. 8वें वेतन आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर, संशोधित वेतन और एरियर का भुगतान कब और किस तरीके से होगा, यह सरकार की अंतिम अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा.